Panipat के उद्योगों को उड़ान देने की तैयारी, देश भर से जुटेंगे उद्यमी
पानीपत में ट्रेड शो लगने जा रहा है। अनाजमंडी से धागा मिल स्टॉल लगा रही हैं। उम्मीद है कि इससे उद्योगों को नई उड़ान मिलेगी।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत होम फर्निशिंग का हब बन चुका है। यहां के उद्योगों में प्रति महीने एक लाख टन धागे के खपत हो रही है। इतने बड़े बाजार पर अब देश की बड़ी-बड़ी धागा बनाने वाली कंपनियों की नजर हैं। धागा मिलें यहां के मार्केट में ज्यादा से ज्यादा हिस्सा पानी चाहती है। पानीपत में पोलियस्टर यार्न, नेचुरल यार्न, एक्रेलिक, कॉटन यार्न, विस्कोस, फैंसी धागों के साथ-साथ जूट, कारपेट के धागों की खपत है। रि-साइकिल धागों की मांग भी है। सोफा फेब्रिक बनाने में पानीपत देश भर में नंबर वन पर है।
मार्केट में ज्यादा हिस्सा पाने के लिए मुंबई, सूरत, तामिलनाडु, कोलकाता, लुधियाना, दिल्ली की कंपनियां छह फरवरी से लगने वाली यार्न फेबरिक्स एंड एसेसरी ट्रेड शो में हिस्सा ले रही हैं। ट्रेड शो अनाज मंडी में लगाया जा रहा है जो तीन दिन तक चलेगा। ट्रेड शो में अन्य शहरों के कारोबारी हिस्सा लेंगे। धागा मिले अपने स्टॉल लगा रही है। जिससे यहां के उद्यमियों को हर प्रकार का धागा उपलब्ध होगा साथ मिल रेट की जानकारी मिलेगी।
नई तकनीक का पता चलेगा, प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे
देश में किस-किस तरह के धागे बन रहे हैं, इसकी जानकारी भी यहां उद्यमियों को मिलेगी। यहां बनने वाले धागे व कपड़ा भी प्रदर्शनी में रखा जाएगा। डाइज, केमिकल की जानकारी भी प्रदर्शनी में उपलब्ध होगी। नोएडा के विजन कम्युनिकेशन की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में 50 स्टॉल बुक हो चुके हैं। प्रतिनिधि अभिषेक शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में उद्योगों में नई-नई तकनीक इस्तेमाल हो रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रॉडक्ट के लिए किस धागे का प्रयोग किया जाना चाहिए।