यमुनानगर की प्लाईवुड फैक्ट्री में कर्मी की मौत, हंगामा, हत्या का आरोप
यमुनानगर में फैक्ट्री में गए कर्मी की मौत हो गई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे केा छत से फेंका गया है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। जगाधरी महाबीर कालोनी में प्लाई फैक्ट्री में सफाई कर्मचारी 47 वर्षीय रामकुमार की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। स्वजनों को पता लगा, तो वह भी पहुंचे। आरोप लगाया गया कि रामकुमार की हत्या की गई है। उसे किसी ने छत से फेंका है। स्वजनों ने काफी देर तक हंगामा किया। बाद में पुलिस पहुंची और उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि बाद में स्वजनों ने कोई शिकायत नहीं दी। शहर जगाधरी थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि रामकुमार की छत से गिरने की वजह से मौत हुई है। उसके स्वजनों ने भी कोई शिकायत नहीं दी। 174 की कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि गुलाबनगर निवासी रामकुमार पांच-छह सालों से ओमकार प्लाई फैक्ट्री में सफाई का कार्य कर रहा था। सुबह करीब छह बजे वह घर से काम पर जाने के लिए निकला था। करीब सात बजे जब फैक्ट्री में अन्य कर्मचारी पहुंचे, तो वहीं पर एक कोने में रामकुमार का शव पड़ा मिला। उसके मुंह से खून निकल रहा था। उसकी मौत का पता लगते ही स्वजन भी वहां पहुंच गए। मृतक के भाई बलविंद्र ने बताया कि उसके भाई को छत से फेंका गया है। शरीर पर कई जगह चोट के निशान है। उसकी हत्या की गई है। स्वजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। शव को भी उठाने से इंकार कर दिया। बाद में शहर जगाधरी थाने से पुलिस पहुंची और स्वजनों को समझाया कि जो भी शिकायत देंगे। उस पर कार्रवाई की जाएगी।