52 कंप्यूटर ऑपरेटरों के तबादले से सरल केंद्र का काम अटका
लघु सचिवालय के सरल केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटरों का तबादला कर दिए जाने से काम प्रभावित हो रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह तीन घंटे बाद ही टोकन देना बंद कर दिया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : लघु सचिवालय के सरल केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटरों का तबादला कर दिए जाने से काम प्रभावित हो रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह तीन घंटे बाद ही टोकन देना बंद कर दिया। प्रमाणपत्र बनवाने आए लोगों को इससे परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने 52 कंप्यूटर ऑपरेटरों का बीते दिनों तबादला किया था। सरल केंद्र में नए कंप्यूटर ऑपरेटरों ने काम नहीं संभाला है। बृहस्पतिवार को सुबह ही व्यवस्था बेपटरी हो गई। सर्टिफिकेट व लाइसेंस समेत अन्य काम कराने आए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। वे किसी तरह से टोकन लेकर काउंटर पर पहुंचे तो ऑपरेटर नहीं मिले। बताया जा रहा है कि 12 बजे ही नए टोकन देने बंद कर दिए।
सरल केंद्र नहीं बन पा रहा सरल
राजेश और कर्मबीर ने बताया कि सरल केंद्र केवल नाम का है। यहां पर काम कराना इतना सरल नहीं है। आधार कार्ड अपडेट कराने में कई-कई चक्कर काटने पड़ते हैं। अधिकारी व कंप्यूटर ऑपरेटर कागजों में कमी निकाल कर वापस भेज देते हैं। बिल्लू ने बताया कि वह अपने बच्चों के आधार कार्ड में नाम अपडेट कराने के लिए छह महीने से सरल केंद्र का चक्कर काट रहा है। कंप्यूटर ऑपरेटर उसे हर बार वापस भेज देता है। प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करने के बाद बच्चों के आधार अपडेट किए गए।