इन महिलाओं को सलाम, पचास हजार फाइल कवर यूं बेचकर बदल डाले हालात
कैथल के गांव कवारतन की है ये कहानी। 14 महिलाओं ने फाइल कवर बनाकर बेचने शुरू किए तो हालात बदल गए। अब शादी के कार्ड बनाने की तैयारी। खुद सीख रही हैं प्रिंटिंग।
पानीपत, जेएनएन । हरियाणा का एक ऐसा गांव, जो महिला सशक्तीकरण की बड़ी मिसाल बन रहा है। यहां की 14 महिलाओं ने न केवल अपना जीवन बदला, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार दी। ये महिलाएं फाइल के कवर बनाती हैं। अब तक पचास हजार कवर बेच चुकी हें। आठ हजार फाइल कवर बेचने के लिए तैयार पड़े हैं। महिलाओं ने शादी के सीजन को देखते हुए शादी के कार्ड बनाने के लिए आर्डर लेने भी शुरू कर दिए हैं। जानिये, किस तरह लोन लेकर इन्होंने की शुरुआत। कैसे सुधर गए परिवार के हालात।
कैथल के गांव कवारतन की ये सभी महिलाएं ऐसे घरों से हैं, जिन्हें बाहर अनजान व्यक्ति से बोलने तक के अधिकार नहीं होते थे। पंचायत और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाना मना था। अब यही महिलाएं सरकारी व निजी कार्यालयों में फाइल कवर के आर्डर लेने पहुंच रही हैं। महिलाओं का मानना है कि इस कार्य को बड़े स्तर पर करना है तो उन्हें इसकी लागत को कम कर इसके उत्पादन को बढ़ाना होगा। इसके लिए उन्हें मार्केटिंग का सहारा भी लेना ही पड़ेगा। मार्केटिंग के लिए महिलाओं ने अपने विजिटिंग कार्ड भी प्रिंट करवा लिए हैं। जहां भी जाती हैं कार्ड दे आती हैं।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी हैं महिलाएं
सभी 14 महिलाएं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी हैं। मिशन के तहत उन्नति समूह का गठन किया है। कवर बनाने के लिए कच्चे माल उठाने के लिए महिलाओं ने लोगों से पैसे मांगने की बजाय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका तहत गठित समिति से 70 हजार का ऋण लिया और काम शुरू कर दिया। अब जो आय हो रही है, उससे ऋण चुकाने के साथ ही बचत को घर में चलाने की बजाय ये महिलाएं कुछ बड़ा सोच रही हैं।
महिलाओं की टीम।
हर तरह की फाइल और बनाने की तैयारी
महिलाओं ने मार्केट में मौजूद सस्ते कवर से मुकाबला करने के लिए रणनीति बदल ली है। महिलाएं इसके लिए स्क्रीन प्रिंटिंग का काम खुद सीख रही हैं। इसके लिए कच्चा माल अब कैथल की बजाय दिल्ली से खरीदेंगी। इसके साथ ही भविष्य में पैसे जमा महिलाएं मशीन से कवर तैयार करने के लिए प्रशिक्षण व मशीन खरीदने के लिए पैसे भी जमा कर रही हैं।
ये महिलाएं हैं उन्नति समूह की सदस्य
समूह की प्रधान बलजिंदर कौर है। इसके अलावा सचिव गुरदेवी, कोषाध्यक्ष शीला व रूबीना, मनजीत कौर, हरप्रीत कौर, मीना मनदीप कौर, राजविंदर कौर, मनजीत, लखविंदर कौर, सरोज, भतेरी, रोमा, मनीषा समूह सदस्य के रूप में काम कर रही हैं।