महिलाएं बदनाम हुईं रसूखदारों की वजह से, फिर भिड़ गए भाजपाई
पानीपत के संभ्रात परिवारों की छह महिलाओं की फोटो वाट्सअप पर वायरल करने पर थाना चांदनी बाद में दो घंटे हंगामा हुआ।
पानीपत, जेएनएन। सेक्टर 11-12 और मॉडल टाउन के संभ्रात परिवार की महिलाओं की फेसबुक से फोटो लेकर वाट्सअप पर वायरल कर बदनाम करने के एक आरोपित युवक को मंगलवार सुबह पीडि़त परिवार ने थाना चांदनी बाग पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि पुलिस ने भाजपा के जिला अध्यक्ष के कहने पर आरोपित को छोड़ दिया। इससे खफा शहर विधायक के पति सुरेंद्र रेवड़ी देर शाम पीडि़त परिवारों के महिला व पुरुषों के साथ थाने में धरने पर बैठ गए और थाना प्रभारी के खिलाफ रोष जताया। दो घंटे तक थाने में हंगामा रहा। इससे आनन-फानन में पुलिस मुख्य आरोपित को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रही है।
शाम सात बजे की है घटना। विक्की रेवड़ी और सन्नी चुघ ने बताया कि 26 अप्रैल को मॉडल टाउन और सेक्टर 11-12 की छह महिलाओं की फेसबुक के पुरानी फोटो लेकर वाट्सअप ग्रुप में डाल कर उन्हें बदनाम किया गया। इसके बाद पीडि़त महिलाओं के परिजनों ने 29 अप्रैल को एसपी सुमित कुमार और साइबर सेल में शिकायत करके आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साइबर सेल ने दलील दी कि फेसबुक व वाट्सअप से जानकारी लेने में समय लगेगा। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर से छानबीन की। 50 से ज्यादा वाट्सएप की डिटेल निकाली।
एक के बाद एक जुड़ती गई कड़ी
सेक्टर 11 के धीरज कपूर को कॉल की तो बताया कि उसके पास महिलाओं की फोटो मॉडल टाउन के विजयंत शर्मा ने भेजी है। शर्मा के पास फोटो मॉडल टाउन के राकेश तलुजा ने भेजी। इसी तरह से मॉडल टाउन के ही सुशील आहुजा, लवकेश भाटिया उर्फ चीना, साहिल कपूर, संदीप बठला, वरुण कालड़ा और प्रतीक नागपाल ने फोटो वायरल की है। अहम आरोपित प्रतीक नागपाल है।
फिर सभी आरोपितों के नाम आए सामने
उन्होंने सुबह आठ बजे आरोपित मॉडल टाउन के संदीप बठला को पकड़ा तो उनसे अन्य सभी आरोपितों को नाम उगल दिये। वे बठला को थाना चांदनी बाग ले गए और एएसआइ वीरेंद्र को सौंप दिया। वीरेंद्र ने उन्होंने कहा कि वे आराम से नाश्ता करके 12 बजे तक आ जाएंगे। उसे अभी कोर्ट जाना है। आरोपित हिरासत में है। तब तक थाना प्रभारी संदीप कुमार भी आ जाएंगे। वे बाद में थाने गए तो आरोपित संदीप बठला को पुलिस ने भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रमोद विज के कॉल करने के बाद छोड़ दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने छुड़वाया तो विधायक पति बैठ गए धरने पर
इसके बाद शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के पति व भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी भी थाने में पहुंचे। थाना प्रभारी ने सही से जवाब नहीं दिया। इससे खफा होकर सुरेंद्र रेवड़ी पीडि़त परिवार के महिला व पुरुषों के साथ थाने में धरने पर बैठ गए और पुलिस से नाराजगी जाहिर की। वे आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इसके कुछ देर बाद पुलिस आरपोपित प्रतीक नागपाल को थाने ले आई। तभी सुरेंद्र रेवड़ी धरने से उठे, लेकिन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
छावनी में तब्दील हुआ थाना
पीडि़त परिवारों के रोष जताने की सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग छावनी में तब्दील हो गया। आनन-फानन में डीएसपी सिटी सतीश कुमार गौतम, थाना शहर प्रभारी जितेंद्र आंतिल और सीआइए-1 प्रभारी संदीप छिक्कारा पुलिस बल के साथ थाने पहुंचे। पीडि़त परिवारों की मान-मनोव्वल की। पीडि़त अड़े हुए थे कि आरोपितों ने उनकी बदनामी की है। उन्हें कड़ी सजा मिले।
थाना प्रभारी ने आरोपित को छोड़ा, सीएम से करूंगा शिकायत
भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी ने कहा कि वे शाम को थाना चांदनी में गए थे। आरोपित ने थाना प्रभारी संदीप कुमार के सामने गुनाह कुबूल किया था। इसके बावजूद आरोपित को छोड़ दिया गया। वे इसकी शिकायत एसपी और सीएम से करेंगे। थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वे पानीपत की बहू व बेटियों को बदनाम करने वालों के खिलाफ खड़े हैं। इसके लिए उन्होंने चाहे आगे भी धरने पर क्यों न बैठना पड़े।
आरोपित प्रतीक की सिफारिश करने वाले को डांटा
आरोपित प्रतीक नागपाल थाने में रो रहे थे। वे बार-बार कह रहे थे कि उसकी गलती नहीं है। इसी दौरान एक व्यक्ति की प्रतीक की सिफारिश करने सुरेंद्र रेवड़ी के पास पहुंचे। रेवड़ी ने उन्हें डांट दिया कि जो महिलाओं का सम्मान नहीं करते उनकी तरफदारी नहीं करूंगा। भविष्य में भी ऐसे लोगों की सिफारिश लेकर मत आना।
रसूखदार घरानों से हैं आरोपित
महिलाओं की फोटो वायरल करने के सात आरोपित मॉडल टाउन और एक आरोपित सेक्टर 11 का है। बताया जा रहा है कि आरोपित रसूखदार परिवारों से हैं। वे पीडि़त परिवारों के भी जानकार हैं। इन पर आरोप है कि इन युवकों ने शहर की अन्य 20 और महिलाओं की भी फोटो वायरल की हैं। इस मामले में सुलह करवाने में कई भाजपा के कई नेता लगे हुए हैं।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी सुमित कुमार ने बताया कि महिलाओं की फोटो वारयल करने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी संदीप कुमार द्वारा किसी आरोपित को छोड़ देने की जानकारी नहीं है।
मेरी जानकारी में यह विषय नहीं है। बुधवार सुबह जानकारी लेकर दोनों पक्षों से बातचीत करने का प्रयास करेंगे।अजय गौड़, भाजपा जिला प्रभारी, पानीपत
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप