ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने थाने में निगला जहरीला पदार्थ, मचा हंगामा
ससुराल वालों से तंग आकर एक विवाहिता ने थाने में ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। विवाहिता ससुरालियों पर केस दर्ज कराया और अब जेल में बंद करने की जिद पर अड़ी थी। महिला ने आरोप लगाया ससुरालवालों ने उस पर ब्लेड से हमला कर घायल भी किया।
अंबाला, जागरण संवाददाता। अंबाला के कच्चा बाजार की रहने वाली संध्या ने जहां दहेज उत्पीड़न में ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर केस दर्ज कराया है, वहीं थाने में भी हंगामा किया। महिला की जिद थी कि ससुराल वालों को जेल में बंद किया जाए। इसी जिद में महिला ने थाने के गेट पर जाकर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने संध्या की शिकायत पर संजीव कुमार, सरोज बाला, सोनिया, विजय कुमार, नितिन कुमार, मीनू, सचिन, पूजा के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला का आरोप, दहेज के लिए उस पर ब्लेड से किया हमला
संध्या का कहना है कि उसकी कोर्ट मैरिज संजीव कुमार के साथ अगस्त 2020 में हुई थी। वे दोनों एससी जाति से हैं। वकील ने बताया कि इस तरह की शादी होने पर सरकार ढाई लाख रुपये देती है। इस पर शादी के कुछ दिनों तक तो ससुराल वालों ने उसे ठीक रखा। बाद में जब कहा कि दोनों की जाति एक है तो रुपये नहीं मिलेंगे, इस पर ससुराल वालों का रवैया बदलने लगा। मामला थाने तक पहुंचा, जिस पर सहमति बनी की वह और उसका पति अलग रहेंगे।
महिला ने बताया कि वह गर्भवती है और ससुराल वाले उसे मारने की धमकी देते हैं। ससुराल वाले उसके पति की दूसरी शादी करवाने की बात करते हैं। वह जब अपनी ससुराल पहुंची तो उस पर सास ने मारपीट की जबकि उस पर ब्लेड से भी हमला किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। उसने डायल 112 पर काल की और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को पुलिस ने अंबाला कैंट थाने में ले आई। यहां पर पुलिस ने संध्या की शिकायत पर ससुरालियों पर केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू की।
सभी को लाकअप में डालो, थाने में ही निगला जहरीला पदार्थ
मामला अंबाला कैंट थाने कार्रवाई के दौरान संध्या ने कि आरोपितों को तुरंत लाकअप में डालें। दोनों ही पक्ष आमने सामने बैठे थे, जबकि पुलिस अपनी कार्रवाई में जुटी थी। इस दौरान संध्या ने कहा कि इन सभी आरोपितों को लाकअप में डाल दिया जाए। इस पर पुलिस ने नियम कानून बताए, लेकिन महिला मानने को तैयार नहीं थी। समझाने के बावजूद महिला ने किसी की बात नहीं सुनी। इसी दौरान महिला ने सुसाइड करने की नीयत से थाने के मुख्य द्वार के पास जाकर शीशी निकाली और कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला से उसकी मौत का जिम्मेदार सभी को ठहराने लगी। महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट लेकर आए, जहां पर उसका उपचार किया गया।