पंजाब से कैथल लौटी महिला आइसोलेशन वार्ड में दाखिल, 17 हुए कोरोना वायरस आशंकित मरीज
कैथल में कोरोना वायरस से आशंकित महिला पंजाब से लौटी है। उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। वहीं कैथल में अब तक आशंकित मरीजों की संख्या 17 पहुंच गई है।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। कोरोना वायरस के संदिग्ध की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पंजाब से कैथल लौटी एक महिला को लक्षण नजर आने पर आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इससे पहले यहां रखे गए लोगों की संख्या 16 थी, इनमें से चार दिल्ली के निजामुद्दीन के मरकज से कैथल लौटे थे। अन्य लोग इनके संपर्क में आए हैं। इनमें कैथल शहर, पूंडरी और गुहला क्षेत्र के लोग शामिल हैं। जिनके सैंपल लेकर सोनीपत लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। शुक्रवार को रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
जिले में अभी तक कोई पॉजिटिव केस नहीं आया है। जिला नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखे गए लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के लिए ये राहत की बात है कि अभी तक कोई पॉजिटिव केस नहीं आया है। लोगों से अपील है कि लॉक डाउन का पालन करते हुए घरों में रहे। अगर किसी को खांसी, जुकाम या बुखार है तो उसकी जांच के लिए अस्पताल आएं।
चंदाना गांव में नहरी पानी सप्लाई बंद करने से ग्रामीणों ने जताया रोष
चंदाना गांव में पंचायत द्वारा नहरी पानी सप्लाई बंद करने से ग्रामीणों ने रोष जताया। देवेंद्र शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि नहरी पानी के बंद होने से लोग बोर का पानी पी रहे हैं, जो स्वच्छ नहीं है। नलों में जो पानी आता है, वे पूरी तरह से स्वच्छ नहीं है। इस बारे में ग्रामीण पहले भी विभाग को सूचित कर चुके हैं। ग्रामीणों की मांग है कि नहरी पानी की सप्लाई को शुरू किया जाए। पंचायत ने इसलिए नहरी पानी की सप्लाई को बंद कर दिया, क्योंकि वहां महिलाओं की भीड़ जुटती थी। पंचायत पानी की सप्लाई को बंद करने की बजाए महिलाओं को सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए जागरूक करें।
लॉक डाउन में बहाना बना सड़कों पर निकल रहे लोग
कोरोना वायरस को रोकने के लिए लगाए गए लॉक डाउन का बृहस्पतिवार को लोग उल्लंघन करते दिखे। दवाई, सब्जी, राशन लाने के बहाने युवक शहर में मोटरसाइकिल दौड़ाते नजर आए। सुबह 11 बजे के करीब चंदाना गेट पर पुलिस नाका न होने के कारण काफी लोग यहां सड़कों पर घुमते दिखे। पुलिस ने रेलवे गेट, पिहोवा चौक, करनाल रोड बाइपास, अंबाला रोड बाइपास, जींद रोड, विश्वकर्मा चौक और परशुराम चौक पर नाका लगाते हुए वाहनों की जांच की। इस दौरान कई वाहनों के चालान काटे। जिला यातायात पुलिस इंचार्ज मुख्त्यार ङ्क्षसह ने बताया कि लॉक डाउन के नियमों को तोडऩे वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती बरत रही है।
चंदाना गांव में एक व्यक्ति को किया क्वारंटाइन
दिल्ली से लौटे चंदाना गांव के एक व्यक्ति को होम क्वारंटाइन किया है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पाला राम गत दिवस ही दिल्ली के निजामुद्दीन तब्लीगी जमात के मरकज से आया था। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को अवगत करवाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर उक्त व्यक्ति को घर में क्वारंटाइन किया है। थाना तीतरम प्रभारी ने बताया कि इस बारे में स्वास्थ्य विभाग को अवगत करवा दिया है।