Panipat Coronavirus News Update : कोरोना से छठी मौत, यूके और रूस से आई युवती सहित आठ संक्रमित मिले
पानीपत में कोरोना वायरस से एक और मौत हो गई। वहीं 138 में से 90 ठीक हो चुके। एक्टिव केस 38 हैं।
पानीपत, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के आठ मामले सामने आए हैं। इनमें ऊझा रोड एकता विहार कॉलोनी की 41 साल की महिला की कोरोना संक्रमण से खानपुर मेडिकल कालेज में मौत हो गई। महिला दो वर्ष से बुखार और शारीरिक कमजोरी की बीमारी से परेशान थी। शनिवार को लकवे की शिकायत हुई थी औैर स्वजनों ने उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे खानपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था। रात को महिला की मौत हो गई। मौत के बाद उसके स्वाब सैंपल लिए गए, जिसमें वे कोरोना पॉजिटिव मिली।
डाक्टरों और जनसेवा दल की टीम ने महिला के शव का असंध रोड स्थित शिवपुरी में अंतिम संस्कार किया। महिला के सभी स्वजनों के सभी सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटाइन किया गया है। इन लोगों की मंगलवार को रिपोर्ट आएगी। इसके अलावा रूस और यूके से आए एक युवती समेत सात लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सबको प्रशासन ने निजी होटल में आइसोलेट किया था। इनके शुक्रवार को सैंपल लिए गए थे। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 134 हो चुकी है। 67 केस जून महीने में आई है। कोरोना से अभी तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें फरीदाबाद की 22 साल की युवती है, जो सेक्टर 11 में अपनी बहन के घर आई थी, झट्टीपुर का प्रवासी श्रमिक, दीनानाथ कॉलोनी का युवक, एल्डिको का व्यक्ति और एकता विहार कॉलोनी की महिला शामिल हैं।
विदेश से आने वाले लोगों को एयरपोर्ट से शहर लाती है कमेटी
डीसी धर्मेंद्र ङ्क्षसह ने हुडा के एस्टेट ऑफिसर के नेतृत्व में आठ सदस्यीय कमेटी गठित की है। ये कमेटी विदेश से आने वाले लोगों को एयरपोर्ट से शहर लेकर आती है। इन लोगों की डाक्टरों की देखरेख में मर्जी के अनुसार होटल या अस्पतालों में आइसोलेट किया जाता है। इनके सैंपल लिए जाते हैं। शुक्रवार को विदेश से लोग आए थे। इनमें विकास नगर का 23 साल का युवक, रिफाइनरी रोड की लक्ष्मी रेजीडेंसी की 48 वर्षीय महिला और छोटूराम चौक का 52 साल का व्यक्ति शामिल हैं। ये तीनों रूस से दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर आए थे। इनके अलावा रूस से गांव कवी का 21 साल का युवक, समालखा अनाज मंडी का 21 साल का युवक और मॉडल टाउन की 21 साल की युवती है। ये तीनों वहां पर छात्र थे। रिफाइनरी टाउनशिप की 51 साल की महिला भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। ये महिला विदेश से आई थी।
दो लोग और स्वस्थ हुए
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि रविवार को संक्रमण के कारण एकता विहार कॉलोनी वासी 41 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई। महिला थायरायड की बीमारी से भी ग्रस्त थी। रविवार को मतलौडा के 27 वर्षीय पुरुष और गांव सौंधापुर के 53 वर्षीय पुरुष को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में कोविड-19 के 7128 सैंपल अभी तक लिए गए हैं। जिनमें से 6884 की रिपोर्ट नेगटिव मिली है। रविवार को भी इनमें से 80 सैंपल भेजे गए हैं। 120 रिपोर्ट आनी बाकी है। 90 केस रिकवर हो चुके हैं।