Honey Trap: ब्लैकमेलिंग से परेशान हुआ पोल्ट्री फार्म संचालक, खुद को लगाई आग Panipat News
महिला की धमकी से परेशान पोल्ट्री फार्म संचालक ने खुद को आग लगाई। महिला पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दे रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। क्षेत्र के विजय कॉलोनी निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक कमलदीप ने एक महिला की धमकी से परेशान होकर खुद को आग लगा ली। शहर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि युवक के पास से एक पत्र मिला है। जिसमें उसने कॉलोनी की ही एक महिला पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
कमलदीप के परिजनों ने ट्रॉमा सेंटर में पुलिस को बताया कि शाम करीब 5.30 बजे कमलदीप ने खुद को आग लगा लिया। किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल लेकर आए, जहां से उसे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। कमलदीप का चेहरा, पेट और बाजू बुरी तरह से झुलसा है।
कमलदीप के दोस्त लेबर ठेकेदार जीतेंद्र ने बताया कि फर्कपुर थाना पुलिस ने 24 सितंबर की शाम 6.30 बजे उन दोनों को कॉलोनी की एक महिला की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाया था। पुलिस ने बताया कि महिला ने कमलदीप पर दुष्कर्म का और जीतेंद्र पर सहयोग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उन्हें समझौता करने की नसीहत दी। दोनों तैयार हो गए तो महिला ने समझौता के लिए 15 लाख मांगे। 26 सितंबर को 10 लाख और 28 सितंबर को पांच लाख देने थे।
वहीं फर्कपुर थाना प्रभारी ने बताया कि महिला केवल शिकायत देकर गई थी। उसके बाद कमलदीप के बेटे ने महिला को उसके घर जाकर धमकाया था। इसके बाद महिला ने कमलदीप और जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कराया।