बिना तलाक पत्नी कर रही थी दूसरी शादी, तभी बच्चा लेकर पहुंचा पति, मचा हंगामा Panipat News
दो बच्चों की मां ने की बिना तलाक लिए ही दूसरी शादी कर रही थी। शादी रुकवाने पति और बच्चे पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। शादी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक महिला के शादी की रस्म जैसे ही पूरी हुई तभी ऐसा वाक्या हुआ कि सब हैरान रह गए। महिला का पहला पति और बच्चा वहां पहुंच गया। हंगामा हुआ तो सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई।
दो बच्चों की मां ने बिना तलाक दूसरी शादी रचा ली। शादी पिहोवा के एक निजी पैलेस में की जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही महिला का पहला पति अपने बच्चों व परिजनों सहित पुलिस को लेकर शादी रुकवाने पहुंच गया, लेकिन तब तक शादी हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
तरनतारन का रहने वाला है परिवार
महिला का पहला पति पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है। उसने बताया कि उसकी शादी 2010 में चीका के गांव थेबनेड़ा की युवती से हुई थी। उनका एक नौ वर्षीय बेटा व छह वर्षीय बेटी है। लगभग एक वर्ष पूर्व उसके चाचा ससुर की मौत हुई थी। तब उसकी पत्नी लगभग एक महीने अपने मायके रहकर गई थी। उसके बाद कोई न कोई बहाना बनाकर मायके चली आती थी।
दो महीने से मायके में थी पत्नी
पिछले दो महीने से उसकी पत्नी मायके में ही थी। 13 फरवरी को उन्हें सूचना मिली कि पत्नी उसे बिना तलाक दिए पास के ही गांव के एक युवक से शादी करने जा रही है। वह तुरंत अपने बच्चों व अन्य रिश्तेदारों सहित पिहोवा पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस को साथ लेकर जब वह मौके पर पहुंचा तब तक शादी हो चुकी थी। पता चला है कि जिस युवक के साथ महिला ने दूसरी शादी की है, उसकी भी दूसरी शादी है।
ससुराल पक्ष के लोग कर रहे थे तंग
जांच अधिकारी एसआइ राम प्रकाश ने बताया कि महिला ने बताया कि वह अपनी ससुराल पक्ष के लोगों से तंग थी। वह शादी अपनी मर्जी से कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस प्रकार होने वाली शादी को नहीं रुकवा सकती है। इन्हें कोर्ट में केस डालना होगा। कोर्ट के आदेशों के बाद ही वह कार्रवाई कर सकते हैं।
पति से तंग आकर अपनी मर्जी से की दूसरी शादी
महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उसका पति शराब पीकर उससे मारपीट करता था। उसे खर्चा नहीं देता था। उस पर शक भी करता था। उसने भूना निवासी युवक के साथ अपनी मर्जी से शादी की है।