मॉडल टाउन से युवती और एकता विहार से नवविवाहिता लापता
पानीपत में मॉडल टाउन से एक युवती और एकता विहार से नवविवाहिता लापता हो गई है। वहीं थाना मतलौडा क्षेत्र निवासी एक विवाहिता भी लापता है।
पानीपत, जेएनएन। मॉडल टाउन क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी 18 वर्षीय बेटी घर से बिना कुछ कहे कहीं पर चली गई। उन्होंने अपनी रिश्तेदारी व जानकारी में काफी खोजबीन की परंतु उसकी बेटी का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
वहीं थाना मतलौडा क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस को शिकायत दी कि नौ अगस्त को उसकी पत्नी घर से बिना कुछ कहे कहीं पर चली गई। उसने काफी खोजबीन की परंतु उसकी पत्नी का कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
एकता विहार कॉलोनी के अनुज ने पुलिस को शिकायत दी कि 29 जून को उसकी शादी अशोक विहार कॉलोनी की प्रीति के साथ हुई थी। वह रविवार सुबह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम पर गया था। सोमवार को पिता ने कॉल कर बताया कि प्रीति कमरे में नहीं है। उसकी पत्नी का अशोक विहार कॉलोनी के अंकुर ने अपहरण कर लिया है। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक की टक्कर से युवक घायल
विजय नगर के मोहन ने पुलिस को शिकायत दी कि वह बड़ौली अड्डे पर ट्रक मैकेनिक का काम करता है। उसके पास करनाल के खेड़ी शरफ अली गांव का सोनू भी काम करता है। 7 अगस्त की रात नौ बजे वे काम खत्म करके पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने सोनू को टक्कर मार दी। सोनू घायल हो गया। आरोपित चालक बाइक छोड़कर भाग गया। घायल सोनू को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
सेक्टर 13-17 से गाड़ी चोरी
सेक्टर 13-17 की राजरानी राणा ने पुलिस को शिकायत दी कि रविवार की रात को घर के गेट के सामने कार खड़ी की थी। सोमवार सुबह फार्रच्यूनर गाड़ी चोरी कर ली गई। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।