दो महिलाओं ने युवती की करवाई जबरन शादी, फिर हुआ कुछ ऐसा Panipat News
एक युवती की मां की मौत के बाद दो महिलाओं ने उसकी जबरन शादी करा दी। इसके बाद युवक ने उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र में एक युवती की जबरन शादी और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिला के कस्बा लाडवा में बुआ के घर रह रही 14 वर्षीय किशोरी की जबरन शादी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने किशोरी की शादी करा दी और जिस युवक के साथ किशोरी की शादी हुई थी, उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में किशोरी की बुआ ने दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
लाडवा की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 14 वर्षीय भतीजी की मां का निधन हो चुका है। किशोरी का पिता शराब पीने का आदी है, जिसके चलते वह भतीजी को देखभाल के लिए अपने घर ले आई थी। महिला का आरोप है कि दो महीने पहले बाबैन के गांव खैरी की रिश्ते में लगने वाली दो महिलाएं शीला व राधा उसके घर आईं और उसकी भतीजी को बहला फुसला कर अपने साथ ले गईं।
शादी का पता चला तो पहुंच गई बुआ
महिला का आरोप है कि दोनों महिलाओं ने भतीजी की शादी पिहोवा के एक गांव के युवक से करा दी। जब उसे भतीजी की शादी होने का पता चला तो वे किसी तरीके से उसको मिलने के लिए पहुंची। जहां पर उसकी भतीजी ने आपबीती बताई और बताया कि दोनों महिलाओं ने उसे बहला फुसला कर शादी कराई है। किशोरी ने उसे बताया कि आरोपित महिलाओं ने इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। महिला ने बताया कि वह बड़ी मुश्किल से अपनी भतीजी को उनके चंगुल से छुड़ाकर लाडवा लेकर आई है। उसकी भतीजी के साथ शादी रचाने वाला युवक भी उसके घर पर आकर धमकी दी है कि इसके उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
केस दर्ज
महिला ने मामले की पूरी जानकारी एसपी आस्था मोदी को दी है। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच महिला थाना प्रभारी को सौंपी थी। थाना महिला पुलिस ने किशोरी के बयान और शिकायत देने वाली महिला की शिकायत पर दो महिलाओं सहित तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ बाल विवाह व पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप