जींद मे दिनदहाड़े हत्या, बाइक पर आए युवकों ने पीछा कर मारी गोलियां Panipat News
जींद में बलकार नाम के युवक को बाइक सवार दो युवकों ने गोलियां मारी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानीपत/जींद, जेएनएन। जींद में दिनदहाड़े हत्या की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार युवकों ने एक के बाद एक गोली मारकर आगे जा रहे बाइक सवार की हत्या कर दी। कई राउंड फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई। युवक हत्या की वारदात देकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में आरोपितों की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाउसिंग बोर्ड का रहने वाला श्रीकृष्ण का बेटा 21 वर्षीय बलकार दोपहर 12 बजे घर से कुछ दूर सफीदो रोड पर हुक्का पीने के लिए गया था। हुक्का पीने के बाद बाइक से घर लौट रहा था तो एक बाइक पर दो युवकों ने उसका पीछा किया।
पेट में दिल के पास मारी गोली
कुछ ही दूर पर उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसने कई राउंड फायर किए। दो गोली पेट में दिल के पास मारी। इसके बाद आरोपित हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
कुछ दूर बाइक चलाता हुआ गिरा युवक
लोगों ने बताया कि गोली लगने के बावजूद युवक बाइक चलाता रहा और कुछ दूर पर जाकर गिर गया। जब तक लोग पहुंचे तो आरोपित भाग निकले थे। युवक खून से लथपथ होकर तड़प रहा था। उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
महिलाओं ने बताया ऐसा लगा कि पटाखे की आवाज
महिलाओं ने बताया कि दोपहर को अचानक गोली चलने की आवाज तो आई, लेकिन ऐसा लगा कि कोई युवक बाइक पर पटाखे बजा रहा होगा। अक्सर युवक पटाखे बजाते हुए बाइक पर निकल जाते हैं। जब लोगों का शोर सुना तो हत्या की वारदात पता चली।
ढाई महीने पहले हुआ था झगड़ा
मृतक बलबीर का चचेरा भाई संजू ने बताया कि करीब ढाई महीने पहले सफीदो गेट निवासी दो युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। तभी से दोनों रंजिश रखते थे। वहीं वारदात स्थल के पास सीसीटीवी फुटेज में युवक बाइक से पीछा करते दिख रहे हैं। इनमे से एक हेलमेट लगाए है तो दूसरा मुंह को कपड़े से ढका है।