Haryana weather update: हरियाणा में धुंध है पर ठंड नहीं, 18 फरवरी तक रहेगी यही स्थिति
सुबह व शाम के समय ठंड का अहसास हो रहा है लेकिन दिन में गर्माहट आ गई है। सुबह भी धुंध की वजह से ही ठंड महसूस की जा रही है। पंजाब हरियाणा दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 14 और 15 फरवरी तक सुबह धुंध दर्ज की गई है।
पानीपत/ करनाल, जेएनएन। हरियाणा में बने मौसमी सिस्टम के कारण पांच दिन से धुंध का प्रभाव देखने को मिल रहा है। आगे भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घनी धुंध छाने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक धुंध गिरने का यह सिलसिला 18 फरवरी तक जारी हर सकता है। उसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। रविवार सुबह की शुरूआत भी घनी धुंध के साथ हुई। दृश्यता शून्य दर्ज की गई है। धुंध के कारण वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हवा की गति 2.6 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसदी दर्ज की गई।
अगले 24 घंटे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम का हाल बता रहा है कि धुंध तो गिर रही है, लेकिन ठंड नहीं है। सुबह व शाम के समय ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन दिन में गर्माहट आ गई है। सुबह भी धुंध की वजह से ही ठंड महसूस की जा रही है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 14 और 15 फरवरी तक सुबह के समय मध्यम से घनी धुंध दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान देश भर में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने की संभावना है।
अभी गेहूं की फसल के अनुकूल है तापमान
कृषि एवं कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. आदित्य प्रताप डबास ने बताया कि जिले में 1.72 लाख हैक्टेयर में गेहूं की बुआई की गई है। फसल भी अच्छी बन रही है। अभी जो मौसम बना हुआ है वह गेहूं की फसल की ग्रोथ के अनुकूल बना हुआ है। अभी फसल के लिए ठंड गिरना अनिवार्य है। ठंड मार्च माह में भी बनी रहनी चाहिए। धीरे-धीरे ठंड जाएगी तो इसका फायदा भी किसानों को मिलेगा। अचानक मौसम गर्म हुआ तो फसल बालियों पर आ जाएगी। जिसका असर उत्पादन पर भी पड़ सकता है।