चौकीदार ने अंबानी बंधुओं को फायदा पहुंचाया: अशोक तंवर
बिजेंद्र आट्टा की बुलाई जनसभा में पहुंचे कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला।
By Edited By: Published: Wed, 13 Feb 2019 06:46 AM (IST)Updated: Wed, 13 Feb 2019 09:43 AM (IST)
पानीपत, जेएनएन। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि देश का चौकीदार झूठ की बुनियाद पर जनता को गुमराह कर रहा है। उन्होंने कुरुक्षेत्र में भी झूठा बोला है। उन्होंने दलाली करके अंबानी बंधुओं को करोड़ों का फायदा पहुंचाया। यह पैसा जनता के खून पसीने की कमाई का था। तंवर ने यह बात समालखा में पार्टी नेता बिजेंद्र आट्टा की तरफ से आयोजित जनसभा में संबोधित करते कही। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल किसान, मजदूर, गरीब व कर्मचारी के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार सीबीआइ, आइबी व ईडी जैसी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर उनकी आवाज को दबाने में लगी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोकसभा चुनाव का ऐलान होने वाला है। ये चुनाव नहीं, बल्कि झूठ और सच की लड़ाई है। भाजपा के भ्रष्टाचार की पोल खोल करेंगे तंवर ने हुड्डा और वाड्रा के खिलाफ छापे पर कहा कि ये सब बदले की भावना की देन है। कांग्रेस की सत्ता आई तो भाजपाइयों के भ्रष्टाचार की पोल खोल हम उन्हें जेल में पहुंचाने का काम करेंगे। इस मौके पर उत्तराखंड के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष किशोर उपाध्याय, राजेश शर्मा, बिजेंद्र कादियान, मनोज बेगमपुर, मोहकम ¨सह, पप्पू सरपंच, उमेश शर्मा, सुनील राई व श्रीप्रकाश बंसल मौजूद रहे। मंच पर ही मनाया जन्मदिन इस दौरान तंवर ने मंच पर ही केक काटकर अपना 43 वां जन्मदिन भी मनाया। गठबंधन पर ली चुटकी अशोक तंवर ने प्रदेश में लोकसभा व विधानसभा चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन से इन्कार करते हुए कहा कि हम अकेले सक्षम हैं। जो गठबंधन कर रहे हैं, उनका हश्र आपके सामने है। उन्होंने कहा कि हाथी ने चश्मा पहना था। वह उतर गया और अब हाथी टैंपो में बैठा है। उसका भी टूटना तय है। उन्होंने इनेलो व भाजपा के गठबंधन की चर्चा पर कहा कि ये गठबंधन करके भी जीत नहीं पाएंगे। तैयार हो जाओ, मेहनत का फल जरूर मिलता है तंवर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि लोकसभा व विधानसभा के चुनाव एक साथ होंगे। कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने बिजेंद्र आट्टा की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में की गई मेहनत कभी बेकार नहीं जाती है। उसका फल जरूर मिलता है। कांग्रेस नेता बिजेंद्र आट्टा ने कहा कि राजनीति भी जनता की सेवा करने का एक अच्छा माध्यम है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें