मंडियों में आढ़तियों की हड़ताल, सैलजा ने सरकार को घेरा
जागरण संवाददाता पानीपत कृषि संबंधी तीन अध्यादेश के विरोध में मंडियों में अनिश्चितकालीन हड़
जागरण संवाददाता, पानीपत : कृषि संबंधी तीन अध्यादेश के विरोध में मंडियों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई। लघु सचिवालय के बाहर धरना दे रहे किसानों और आढ़तियों को समर्थन देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा पहुंचीं। सैलजा ने कहा कि कृषि अध्यादेश पूरी तरह से जनविरोधी हैं। कुछ चुनिदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए ये अध्यादेश लाए गए हैं। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ है। पार्टी भी सड़क से लेकर संसद तक किसान, मजदूर और आढ़तियों की लड़ाई लड़ेगी। कांग्रेस सत्ता में आने पर पहली कलम से इन अध्यादेशों को निरस्त करेगी। धरना दे रहे बर्खास्त पीटीआइ शिक्षकों को भी उन्होंने समर्थन दिया।
21 को कांग्रेस का धरना
सैलजा ने कहा कि किसानों के समर्थन में 21 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। 21 सितंबर को इस प्रदर्शन में नवनियुक्त हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल पानीपत पहुंचेंगे। सैलजा ने कहा कि कोई भी अध्यादेश लाने से पहले बात होनी चाहिए। सरकार ने किसी किसान या आढ़ती से बात नहीं की। कुरुक्षेत्र रैली में बात रखनी चाही तो उन पर लाठीचार्ज किया गया।
किसान के साथ हैं आढ़ती : गर्ग
हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने हड़ताल को समर्थन देते हुए कहा कि आढ़ती हमेशा किसानों के साथ हैं। हम अन्नदाता का अपमान नहीं होने देंगे। पानीपत मंडी से आढ़ती धर्मवीर मलिक ने अध्यादेश के कारण किसानों, आढ़तियों, मजदूरों को होने वाले नुकसान से अवगत करवाया। धरने के पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान ने संबोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता बुल्ले शाह, संजय अग्रवाल, ओमवीर पंवार, शौर्यवीर, सरदार बलजीत, रणधीर पन्नू, बिटू मलिक, हुकम सिंह राठी, ओमप्रकाश, सुरेश दहिया, गुरमुख सिंह विर्क, सुल्तान, रामफल सिंह, धर्मवीर, सत्यवान मौजूद रहे। सैलजा असंध रोड पर जीडी गोयनका स्कूल में पौधारोपण भी किया।