शर्त की बात पर रहने लगा दूसरी पत्नी के साथ, पहली वाली पहुंच गई थाने Panipat News
एक व्यक्ति ने पहली पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। जब विवाद हुआ तो दोनों के बीच कुछ शर्तों पर समझौता हो गया। बावजूद पहली वाली पत्नी थाने पहुंच गई।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। पहली पत्नी से शर्त लगाकर पति दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था। सुनने में थोड़ा अजीब है, लेकिन सच है। पहली पत्नी भी दूसरी शादी के लिए राजी हो गई थी। फिर क्या पति चार दिन यहां तो तीन दिन यहां। हालांकि कुछ दिन बाद ही पहली पत्नी थाने पहुंच गई। बिना तलाक लिए दूसरी शादी के बाद हुए समझौते पर खरा नहीं उतरने के कारण विवाद हो गया है। अब मामला थाने में पहुंच गया है। फिलहाल दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराई जा रही है।
हुआ यूं कि पहली पत्नी को तलाक दिए बिना राजा नाम के व्यक्ति ने दूसरी शादी कर ली। विवाद होने पति को तीन दिन पहली पत्नी के पास और चार दिन दूसरी पत्नी के पास रहने का लिखित समझौता हुआ। साथ ही खर्च के तौर पर पांच हजार रुपये भी देने थे।
2006 में हुई थी तलाकशुदा से महिला से पहली शादी
वर्ष 2006 में जगाधरी निवासी राजा ने शारदा नाम की तलाकशुदा दिव्यांग महिला से शादी कर ली। शारदा के पहले से ही एक बेटा और बेटी थे। बेटी की उन्होंने शादी कर दी, जबकि बेटा उनके पास ही रहने लगा। महिला का ऑपरेशन हो चुका था और राजा बच्चा चाहता था। वहीं राजा का शारदा के बेटे से विवाद रहता था। बेटा कई बार घर छोड़कर भी चला गया।
2018 में राजा ने दूसरी शादी कर ली
इस दौरान राजा ने 2018 में गंगानगर कॉलोनी की एक दूसरी महिला से शादी कर ली और किराये के मकान में रहने लगा। उसके गर्भवती होने पर बात खुल गई। शारदा के विरोध करने पर मामला थाने पहुंचे और समझौता हो गया।
पहली पत्नी का लड़का नशा करता : राजा
राजा का कहना है कि वह शारदा को खर्च दे रहा था और वहां रुकता भी था, लेकिन शारदा का लड़का उसके साथ शराब के नशे में मारपीट करता है। कभी वह घर से भाग जाता। इसलिए वह शारदा के पास नहीं जाता। शारदा का कहना है कि उसका बेटा गलत संगत में पड़ गया है। वह उसके पास भी नहीं रहता। राजा के साथ जो समझौता हुआ था, वह उस पर खरा नहीं उतरा। न ही उसे खर्च दे रहा है। इसलिए ही पुलिस को शिकायत दी। उसने धोखे से दूसरी शादी की। मामला आगे न बढ़े इसलिए उसने लिखकर दे दिया कि उसकी मर्जी से शादी हुई है।
समझौते की कोशिश
महिला संरक्षण और बाल विवाह निषेध विभाग के सहायक अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि राजा व शारदा का मामला हमारे पास आया था। दोनों पक्षों की काउंसिलिंग की गई है। उनके बीच समझौते की दोबारा से कोशिश की जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप