जुआ खेलते-खेलते बरसाने लगे ईंट और पत्थर, पुलिस को भी नहीं बख्शा, एएसआइ घायल
जुआरियों ने 500 रुपये के विवाद में पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एएसआइ जख्मी हो गए। जुआरियों ने पथराव में सात गाडिय़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। 500 रुपये के विवाद में जुआ खेल रहे लोगों ने सड़क किनारे खड़ी करीब सात गाडिय़ों, घरों के शीशे तोड़ डाले। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस पर भी ईंटें बरसा दी। उपद्रवियों ने पुलिस की राइडर बाइक को भी तोड़ डाला। ईंट लगने से ईएसआइ तरसेम ङ्क्षसह घायल हो गए। गुरुवार देररात तक हंगामा होता रहा, जबकि वहां रह रहे लोग भी दहशत में आ गए कि वे अपने घरों से बाहर तक नहीं निकले। जुआरियों ने करीब सात गाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया है। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करेगी। आरोपित ग्वाल मंडी और आलूगोदाम क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहस मारपीट तक पहुंची
स्थानीय लोगों की मानें तो कुछ युवक खटीक मंडी चौक पर जुआ खेल रहे थे। यहीं पर जुए में 500 रुपये की रकम के लिए विवाद खड़ा हो गया। पहले तो दोनों पक्षों में आपस में बहसबाजी होती रही। देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट हो गई, जबकि जमकर लाठी और डंडे भी चले। लड़ते झगड़ते यह दोनों पक्ष दीना की मंडी के पास पहुंच गए और यहां पर एक दूसरे पर पथराव करना शुरु कर दिया। इन लोगों ने यहां सड़क किनारे खड़ी करीब सात गाडिय़ों के शीशे तक तोड़ दिए। बताया जाता है कि रोजाना ही क्षेत्र में इसी तरह से जुआ खेला जाता है और कई बार आपस में बहसबाजी और मारपीट तक हो जाती है।
पुलिस पहुंची तो उन पर भी बरसाए पत्थर
मारपीट और पथराव की सूचना पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसी दौरान इन लोगों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इन लोगों ने पुलिस की राइडर बाइक को भी तोड़ा, जबकि ईंटें लगने के कारण ईएसआइ तरसेम ङ्क्षसह घायल हो गए। पुलिस की राइडर बाइक की हैडलाइट को भी ईंट मारकर तोड़ दिया।
सीसीटीवी से आरोपितों की होगी पहचान
हंगामा कर रहे करीब 25 लोगों की तलाश में पुलिस है। हालांकि किसी के नाम से पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। मौके पर एक सीसीटीवीमें यह घटना कैद हो गई। इसकी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
कॉलोनी के लोगों में दहशत
बृहस्पतिवार देररात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया, जिसका खौफ लोगों में है। कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। कोई भी आरोपितों के बारे में जानकारी देने को तैयार नहीं है। ऐसे में पुलिस के लिए आरोपितों को पकडऩे में दिक्कत आ रही है।
कुछ युवकों में आपस में विवाद हो गया था। आपस में एक-दूसरे पर पथराव किया। घरों के आगे खड़े वाहनों के वाहनों में तोडफ़ोड़ भी कर दी। हंगामा करने वालों की संख्या करीब 25 है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि सीसीटीवी के आधार पर आरोपितों की पहचान की जाएगी।
विजय कुमार, एसएचओ अंबाला कैंट थाना