किशोर ने पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, मां को दे रहे समझौता करने की धमकी Panipat News
पानीपत में पांच साल की बेटी से किशोर ने दुष्कर्म किया। अब आरोपित के परिजन पीडि़ता की मां पर समझौते का दबाव दे रहे हैं।
पानीपत, जेएनएन। थाना मॉडल टाउन क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली पांच साल की बच्ची के साथ 12 वर्षीय किशोर ने दुष्कर्म किया। मां बच्ची को नहलाने लगी तो उसे घटना के बारे में पता चला। इस बारे में थाना मॉडल टाउन प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। वहीं आरोपित के परिजन मामले में समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसे धमकी दे रहे हैं। पीडि़ता की मां ने सांसद से इंसाफ की गुहार लगाई।
सांसद साहब बेटी से दुष्कर्म करने के आरोपित धमकी दे रही हैं। पुलिस मेरी सुन नहीं रही। कोरे कागज पर महिला एएसआइ ने साइन करा लिये। पुलिस समझौते के लिए दबाव डाल रही है। एक महिला पार्षद व मकान मालिक भी धमकी दे रहे हैं। बेटी का सामान्य अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज खानपुर में सही से इलाज भी नहीं किया गया। यह व्यथा सुना पीडि़त बच्ची की मां ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय के गेट नंबर एक के सामने सांसद संजय भाटिया के पैर पकड़ लिये।
सांसद भाटिया ने मीडिया के कैमरों से दूर करने के लिए पीडि़त महिला को अपनी गाड़ी में बैठाया और आश्वासन दिया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी।
थाना मॉडल टाउन प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। मामले में पुलिस ने कोई कोताही नहीं बरती है।