यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फैक्ट्री से रिफाइंड चोरी के आरोपित सुपरवाइजर व पिकअप चालक गिरफ्तार
रिफाइंड आयल की फैक्ट्री से रिफाइंड चोरी करने के आरोपित सुपरवाइजर यमुनानगर के महमूदपुर गांव के निर्मल और पिकअप चालक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पानीपत : रिफाइंड आयल की फैक्ट्री से रिफाइंड चोरी करने के आरोपित सुपरवाइजर यमुनानगर के महमूदपुर गांव के निर्मल और पिकअप चालक सोनीपत के गढ़ी ब्राह्मण के रोबिन को क्राइम इनवेस्टिगेशन एजेंसी (सीअइए-टू) ने संजय चौक से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपित ने रिफाइंड की 124 पेटी चोरी करने की वारदात कुबूल की।
सीआइए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र के अनुसार पूछताछ में आरोपित निर्मल ने बताया कि वह काफी से फैक्ट्री में सुपरवाइजर की नौकरी कर रहा था। वहीं पर रोबिन ने माल ढुलाई के लिए अपनी पिकअप गाड़ी लगा रखी थी। माल की सप्लाई के आर्डर व सप्लाई का हिसाब किताब निर्मल ही करता था। अक्टूबर में दोनों ने मिलकर साजिश रचकर पिकअप में 124 पेटी फैक्ट्री से लोड करवाकर गन्नौर के बेगा में अपनी किराये की दुकान में उतरवा दी।
आरोपितों ने इनमें से 30 पेटी रिफाइंड डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया और खाने-पीने व मौज-मस्ती में रुपये उड़ा दिए। दोनों आरोपितों की निशानदेही पर दुकान से रिफाइंड की चोरीशुदा 90 पेटी और बचे हुए 50 हजार रुपये बरामद किए। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। यह है मामला
अंसल सुशांत सिटी के राजकुमार कालड़ा ने 29 अक्टूबर को थाना चांदनी बाग में शिकायत दी कि उनकी उग्राखेड़ी के पास सनौली रोड पर कई साल से रिफाइंड आयल की फैक्ट्री है। कई दिनों से उसके पिता की तबीयत खराब थी और वह फैक्ट्री नहीं जा पाया। 29 अक्टूबर को वह फैक्ट्री गया तो माल चोरी होने का संदेह हुआ। स्टाक की जांच करवाई तो काफी माल कम मिला। माल को उसके कर्मचारियों ने चोरी किया है। पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
