पानीपत जंक्शन पर जम्मू मेल के दिव्यांग कोच पर पत्थरबाजी, यात्रियों पर गिरे कांच
पानीपत जंक्शन पर जम्मू मेल एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच पर कुछ युवकों ने पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया, जिससे यात्रियों पर कांच गिरे। गेट न खुलने पर हुई इस घटना के बाद आरपीएफ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जंक्शन पर जम्मू मेल के दिव्यांग कोच पर पत्थर मारकर तोड़ा शीशा।
HighLights
जम्मू मेल के दिव्यांग कोच पर पत्थर से हमला हुआ।
गेट न खुलने पर युवकों ने शीशा तोड़ दिया।
आरपीएफ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जागरण संवाददाता, पानीपत। रेलवे जंक्शन पर शनिवार रात 2 बजकर 10 मिनट पर जम्मू मेल एक्सप्रेस झंडी मिलने के बाद चलने ही वाली थी कि तभी तीन-चार युवक आए और उनमें से एक ने दिव्यांग कोच के गेट पर पत्थर मार दिया।
इससे दरवाजे का शीशा टूट गया। पत्थर लगते ही कोच के अंदर बैठे यात्री सहम गए। टूटे शीशे के कांच उनके ऊपर आ गिरे। युवक काफी देर से कोच का गेट खोलने का प्रयास कर रहे थे। गेट नहीं खुलने पर उन्होंने पत्थरबाजी की और मौके से निकल गए। आरपीएफ ने मामले में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
जंक्शन के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से चलकर सूबेदारगंज जाने वाली जम्मू मेल एक्सप्रेस के इंजन के ठीक पीछे दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोच लगा हुआ था। शनिवार रात ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची तो कुछ सामान्य यात्री इस कोच में चढ़ने का प्रयास करने लगे।
इसके लिए वे कोच का दरवाजा खोलने लगे, लेकिन गेट नहीं खुला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर तीन से चार युवकों के समूह में शामिल एक युवक ने पत्थर उठाकर गेट पर मार दिया। पत्थर लगने से दरवाजे का शीशा टूट गया। उस समय ट्रेन को चलने के लिए सभी जरूरी सिग्नल और झंडी मिल चुकी थी। घटना के बाद युवक वहां से निकल गए।
प्लेटफार्म नंबर एक पर जिस स्थान पर घटना हुई, वहां से आरपीएफ और जीआरपी थाना कुछ ही दूरी पर हैं। इसके बावजूद आरोपितों को मौके पर नहीं पकड़ा जा सका। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्लेटफार्म पर गश्त होती तो पकड़े जा सकते थे युवक
रात के समय प्लेटफार्म पर ट्रेनों के पहुंचने और रवाना होने के दौरान पुलिस होती तो आरपीएफ उनको पकड़ सकती थी। ट्रेन में पत्थर मारकर शीशा तोड़ने के बाद जंक्शन पर यात्रियों की खूब भीड़ रही। यात्रियों ने वीडियो भी बना ली। ट्रेन के रवाना होने से ठीक पहले हुई इस घटना में आरोपित आसानी से वहां से निकल गए।
ट्रेन में एस्कार्ट भी नहीं पकड़ सकी पत्थरबाज
रेलवे ने लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ या जीआरपी की एस्कार्ट तैनात रहती है। जम्मू मेल में भी एस्कार्ट टीम की तैनाती है। प्लेटफार्म पर ट्रेन के रवाना होने से ठीक पहले युवकों ने पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया और मौके से निकल गए। ट्रेन में सुरक्षाकर्मी मौजूद थे उसके बाद भी पत्थरबाजी करने वाले युवकों को नहीं पकड़ सके।
जम्मू मेल में गेट नहीं खुलने पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ने वाले युवकों का पता लगाया जा रहा है। मामला दर्ज कर लिया है, जल्द ही वह आरपीएफ की गिरफ्त में होंगे। - दिनेश कुमार मीणा, थाना प्रभारी आरपीएफ पानीपत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।