विभाग का उलटा-पुलटा गेम, सीजन बीत गया, सर्दी में खेल नर्सरी की तैयारी
जागरण संवाददाता, पानीपत : खेल विभाग ने 500 खिलाड़ियों को सपना दिखाया था कि खेल नर्सरी खोलकर उनक
जागरण संवाददाता, पानीपत : खेल विभाग ने 500 खिलाड़ियों को सपना दिखाया था कि खेल नर्सरी खोलकर उनकी प्रतिभा निखारी जाएगी। पांच महीने तक खेल विभाग पांच जिलों में 20 नर्सरी तक खोली नहीं खोल पाया। इससे खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पिछड़ गए। अब खेल विभाग ने दिसंबर से नर्सरी चालू करने का निर्णय लिया है। अब ठंड शुरू हो गई है। यह खेलों के नजरिये से ऑफ सीजन होता है। विद्यार्थियों की परीक्षा भी नजदीक है। ऐसे में खिलाड़ी ठीक से अभ्यास नहीं कर पाएंगे। खिलाड़ियों के साथ छलावा ही हुआ है। जिले में नर्सरी न होने के कारण यहां के खिलाड़ियों को पलायन करना पड़ा था। इसमें मनीष, भूपेंद्र, सोनू, मोनू और संदीप के नाम शामिल हैं। एथलीट विनोद, पंकज, राहुल और विपिन का कहना है कि खेल नर्सरी समय पर खुल जाती तो उन्हें कोच मिलते। तकनीक में सुधार होता।
कोचों की नहीं हुई नियुक्ति : स्कूलों में कोचों की व्यवस्था अभी तक नहीं हुई है। स्कूलों के पीटीआइ व डीपी को भी सहयोग करना है। विभाग ने ठेके पर कोचों की नियुक्ति करनी है। बिना कोच के खिलाड़ी कैसे अभ्यास कर पाएंगे, इसको लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं।
यहां बननी हैं खेल नर्सरी
खेल विभाग की ओर से एमएएसडी स्कूल में लड़कों व लड़कियों की आर्चेरी, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाखू बुआना में लड़कों व एमएएसडी में लड़कियों की एथलेटिक्स, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन में लड़कों व सावित्री शिक्षा सदन नौल्था में लड़कियों की बॉक्सिंग, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल लड़कों व लड़कियों की फुटबॉल, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल जाटल में लड़के व राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल उग्राखेड़ी में लड़कियों की हैंडबॉल, गुरुब्रह्मानंद स्कूल ऊंटला में लड़कों और आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लड़कियों की हॉकी की नर्सरी बनेगी। इसी तरह से पीआरके सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुड़शाम में लड़कों व राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मनाना में लड़कियों की कबड्डी व खो-खो, डीएवी पब्लिक स्कूल थर्मल कालोनी पानीपत व डीएवी पब्लिक स्कूल कालोनी में लड़कियों की स्वीमिंग, वालीबॉल, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंट्टीकल्याणा व नव ज्योति मॉडल स्कूल जलालपुर बापौली की लड़कियों की वालीबॉल, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुआना लाखू, इसराना में लड़कों और न्यू साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, इसराना की लड़कियों की कुश्ती की नर्सरी बनेगी।
--
खेल नर्सरी अप्रैल में शुरू होनी थी। अब दिसंबर में नर्सरी चालू की जाएंगी। इससे अगले सेशन तक खिलाड़ी ठीक से तैयार किए जाएंगे।
राजेंद्र पाल सिंह, जिला खेल अधिकारी।