हर कोई हैरान, बच्चे का अपहरण कर फंदे पर लटका अपहरणकर्ता
करनाल से छह साल के बच्चे का अपहरण कर लिया। शाम को अपहरणकर्ता का शव फंदे पर लटक रहा था। उसने आत्महत्या कर ली या हत्या यह पहले बन गई है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। अपहरण करने की ये घटना चौकाने वाली है। मासूम का अपहरण कर अपहरणकर्ता खुद फंदे पर लटक गया। इस गुत्थी ने भी पुलिस के साथ साथ लोगों को भी हैरान कर दिया है। कई सवाल खड़े हो गए। अपहरण के बाद न फिरौती और न ही कोई डिमांड रखी। जब पुलिस पहुंची तब तक अपहरणकर्ता का शव फंदे पर लटका मिला।
निसिंग पुलिस को सोमवार करीब 12 बजे गांव ब्रास के समीप स्थित डेरा रामनगर वासी ज्योति ने सूचना दी थी कि उसके छह वर्षीय बेटे आदित्य का अपहरण कर लिया गया है। यह सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामफल की अध्यक्षता में एचसी संजीव, एसए राजिंद्र सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों सहित एक टीम का गठन किया गया। आरोपित की लोकेशन पता करने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई, जिससे पता चला कि आरोपित पूंडरी क्षेत्र के टयोंठा गांव के खेतों के आसपास है। पुलिस टीम वहां पहुंची तो बच्चा सहमा हुआ मिला। वहीं आरोपित मुन्नारेहड़ी का प्रदीप पेड़ से फंदे पर झूलता हुआ मिला। निसिंग पुलिस ने तत्काल पूंडरी पुलिस को भी सूचना दी।
अपहरण से पहले किया था फोन
पुलिस के अनुसार बच्चे की माता ज्योति ने आरोपित की शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि उसके पास बच्चे के अपहरण से पहले आरोपित ने फोन किया था। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस साइबर सेल की मदद से लोकेशन पर खेतों में पहुंची, जहां आरोपित फंदे पर मिला। पुलिस के अनुसार आरोपित ने महिला को कहा था कि वह बच्चा जिंदा चाहती हो तो अकेले आना। बच्चे की मां ने इस बारे में अपने पति को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पहले भी बच्चे से मिलता था आरोपित
चर्चा है कि आरोपित पहले भी स्कूल में बच्चे से कई बार मिल चुका है। इसी के चलते स्कूल स्टाफ ने भी बच्चे को उसके पास मिलने के लिए बाहर भेज दिया तो वहीं बच्चे ने भी भरोसा कर लिया। जैसे ही बच्चे के अपहरण का पता चला तो स्कूल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। हालांकि बच्चे और आरोपित में क्या संबंध है, यह पुलिस स्पष्ट नहीं कर पा रही है।
मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते लगाया हत्या का आरोप
मृतक प्रदीप के पिता रमेश कुमार ने बताया कि उनके दो लड़के हैं, प्रदीप बड़ा था जो शादीशुदा था। करीब दो साल की लड़की भी है। वह दूध का काम करता था और गाड़ी भी चलता था। सोमवार सुबह बेंगलुरू जाने की बात कहकर घर से निकला था। रमेश के अनुसार बच्चे के ताऊ हिस्म सिंह और पिता के साथ उनकी पुरानी रंजिश है और पहले भी उनकी आपसी कहासुनी हो चुकी है। उसने आशंका जाहिर करते हुए कहा कि उसके बेटे की हत्या की गई है।
हर पहलू से की जा रही मामले की जांच : रामफल
निसिंग थाना प्रभारी रामफल का कहना है कि बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया है जबकि आरोपित मृत अवस्था में मिला है, जिसके गले में फंदा था। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी हर पहलू से जांच की जा रही है। उसी अनुसार ही अगली कार्रवाई की जाएगी।