Move to Jagran APP

भाभी के चरित्र पर हुआ संदेह तो कर दी हत्या, आज जानी थी भाई की बरात

महराना में किराये के मकान में रहने वाली पूजा की उसके देवर ने हत्या कर दी। आज महिला के एकलौते भाई की बरात जानी थी। आखिर क्या थी हत्या की वजह।

By Ravi DhawanEdited By: Published: Fri, 30 Nov 2018 02:42 PM (IST)Updated: Sat, 01 Dec 2018 10:50 AM (IST)
भाभी के चरित्र पर हुआ संदेह तो कर दी हत्या, आज जानी थी भाई की बरात

पानीपत, जेएनएन। ब्यूटी पार्लर में काम करने से खफा और चरित्र संदेह में देवर ने गला घोंटकर ब्यूटीशियन भाभी की हत्या कर दी। महिला अपने इकलौते भाई की शादी में जाने के तैयारी कर रही थी। इससे पहले ही उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। लोगों आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। घटना गुरुवार सुबह 11 बजे की है।

loksabha election banner

महराना गांव के बलजीत सिंह ने बताया कि उसने किराये के लिए छह कमरे बना रखे हैं। करनाल के गंगाटेहड़ी गांव का राजेश पत्नी पूजा (32) और तीन बेटों के साथ किराये पर रह रहा है। राजेश एक मिल में काम करता है। पूजा छह महीने से अंबाला में ब्यूटी पार्लर में काम करती थीं। पूजा महीने में एक या दो बार ही घर आती थीं। दोनों में एक साल से अनबन चल रही थी।

राजेश का छोटा अविवाहित भाई शीशपाल गांव में ही रहता है। वह तीन दिन पहले राजेश के पास आया था। वह अपनी भाभी पूजा के चरित्र पर संदेह करता था। उसके ब्यूटी पार्लर के काम से भी नाराज था। समाज में बदनामी का हवाला देकर पूजा को पार्लर में जाने से रोकता था, लेकिन पूजा ने काम नहीं छोड़ा। राजेश सुबह में दवा लेने के लिए चला गया।   

इकलौते भाई की शादी में जाने की थी तैयारी

बेटा शिवम (9) और आशीष (7) स्कूल में चले गए। सबसे छोटा बेटा यश (5) घर पर ही था। पूजा के इकलौते भाई सुनील की बृहस्पतिवार को शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए पूजा कमरे के बाहर बेटे यश को तैयार कर रही थी। शीशपाल भी वहीं पर था। इसी दौरान राजेश और पूजा में बहस हो गई। राजेश तैश में आकर पूजा को जबरन कमरे में अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर लिया। पूजा चीखने लगी।

उसने व अन्य किरायेदारों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन शीशपाल ने दरवाजा नहीं खोला। 15 मिनट बाद शीशपाल ने दरवाजा खोला तो पूजा मृत पड़ी थी। मुंह से खून बह रहा था। गले पर निशान मिले। लोगों की मदद से शीशपाल को पकड़ लिया गया। पुलिस को सूचना दी। डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार वत्स मौके पर पहुंचे। शव को सामान्य अस्पताल में रखवा दिया। पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। डॉ. नारायण डबास ने बताया कि पूजा की हत्या मुंह पर कपड़ा रखकर व गला घोंटकर की है। होंठ व चेहरे पर चोट के निशान हैं। आशंका है कि चेहरे पर घूंसों से वार किया हो। 

शीशपाल ने हथियार दिखाकर लोगों को धमकाया

लोगों का कहना है कि वारदात के बाद शीशापाल को पकडऩे का प्रयास किया तो वह कमरे में रखे दाव (धारदार हथियार) से उन्हें धमकाने लगा। उग्र होते देख मकान मालिक ने  बाहर से गेट बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस बुला ली।

  

बच्चों की परवरिश करने में हो रही थी दिक्कत

राजेश ने बताया कि कई साल पहले वह और उसका बड़ा भाई महेंद्र आसनकलां गांव में किसानों के खेतों में काम करते थे। दो साल से वह महराना में किराये पर रहने लगा। पत्नी पूजा महीने में कभी-कभी ही घर आती थी। वह ही बच्चों का खाना बनाता और पालन पोषण करता था। इससे वह परेशान था। मां व भाई ने भी पूजा को कई बार समझाया कि ब्यूटी पार्लर का काम छोड़ बच्चों की परवरिश कर। वह मान नहीं रही थी। स्कूल से घर लौटे शिवम और आशीष पिता राजेश से बार-बार पूछ रहे थे कि मम्मी कहां है। 

 pooja

पूजा।

नहीं देख पाई भाई के सिर पर सेहरा

कैथल के क्योड़क गांव के सुनील ने बताया कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है। उसकी पांच बहनों में पूजा सबसे छोटी थी। वह बड़ी बहन के पास करनाल के गोली-माजरा में रहकर मजदूरी करता है। बहनोई राजेश काम नहीं करता था। भाई शीशपाल के साथ मिलकर उसकी बहन को पीटता था। तीन महीने पहले बहन ने इसकी शिकायत महिला थाने में दी थी।

बहन की कमाई से ही राजेश का घर चल रहा था। शुक्रवार को करनाल के एक गांव में उसकी बरात जानी थी। उसने बुधवार को पूजा को फोन कर गोली-माजरा बुलाया था। पूजा ने बताया था कि वह बच्चों के साथ बृहस्पतिवार को आएगी। पूजा की मौत से शादी की खुशी मातम में तब्दील हो गई। 

 

मामला दर्ज

थाना मॉडल टाउन के थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि बलजीत सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.