सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग
नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से स्कूटी सवार दिल्ली निवासी विनोद कुमार की मौत हो गई। हादसा गोगी पेट्रोल पंप के पास हुआ।
जागरण संवाददाता, समालखा: नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से स्कूटी सवार दिल्ली निवासी विनोद कुमार (32) की मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गोगी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। विनोद दिल्ली से पानीपत आ रहा था। इकलौती संतान के हादसे में जान गंवाने से माता-पिता सदमे में हैं।
मृतक विनोद के मामा का बेटा संदीप निवासी फतेहाबाद गांव किरढ़ान भी हादसे के वक्त साथ था। वह दूसरी बाइक पर था। संदीप ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिल्ली में रोहिणी सेक्टर-6 में रहने वाले बुआ के लड़के विनोद का फोन आया कि वह उससे मिलने पानीपत आ रहा है। संदीप उस समय गन्नौर में था। दोनों की वहां मुलाकात हुई। यहां से दोनों अलग-अलग मोटरसाइकिल पर पानीपत के लिए निकले। संदीप के मुताबिक, गोगी पेट्रोल पंप के पास करीब नौ बजे पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने विनोद की स्कूटी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल विनोद को आनन-फानन में स्थानीय सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। केस दर्ज कर लिया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। शुक्रवार को पानीपत के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
शीशपाल, हेड कांस्टेबल, जांच अधिकारी घर का इकलौता चिराग था विनोद
विनोद अपने खानदान का इकलौता चिराग था। सीए की ट्रेनिंग ले रहे विनोद की अभी शादी भी नहीं हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही पिता फूलाराम के कदमों से जमीन खिसक गई। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।