अस्पताल में गैस लीक होने की उड़ी अफवाह, मची भगदड़, वार्ड तोड़ भागे कोरोना संक्रमित
कैथल के सिविल अस्पताल में गैस लीक अफवाह से आधी रात भगदड़ मच गई। ऐसे में अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीज आइसोलेशन वार्ड तोड़कर भाग निकले।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। सिविल अस्पताल में सब कुछ सामान्य था कि अचानक आधी रात गैस लीक होने की अफवाह उड़ गई। देखते ही देखते अफवाह तीनों फ्लोरों पर फैल गई। दूसरे फ्लोर पर बने कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भी खबर पहुंच गई। जैसे ही कोरोना संक्रमितों ने यह सुना कि कोई गैस लीक हो गई है तो उन्होंने चिल्लान शुरु कर दिया। जब कोई नहीं पहुंचा तो उन्होंने वार्ड के शीशे तोड़ डाले और भाग कर खुले में छत पर पहुंच गए। पूरे वार्ड में हड़कंप मच गया।
कोरोना मरीजों को भागता देख अस्पताल स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। इसके बाद अस्पताल के सीनियर अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पीएमओ डा. ओमप्रकाश, डा. दिनेश कंसल, सिविल लाइन थाना पुलिस, सिविल सर्जन डा. जयभगवान जाटान मौके पर पहुंचे।
सिविल सर्जन ने अस्पताल का दौरा करते हुए ड्यूटी पर कार्यरत स्टाफ से इस बारे में रिपोर्ट ली। अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया कि रात को गैस लीक होने की अफवाह उड़ गई। यह सुनकर भर्ती किये गए कोरोना वार्ड में दाखिल मरीज शीशे को तोड़कर बाहर निकल गए। जबकि गैस लीक जैसी कोई घटना हुई ही नहीं थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कोरोना मरीजों को समझाते हुए वार्ड में भेजा। पीएमओ डा. ओमप्रकाश ने बताया कि गैस लीक की अफवाह किसने और क्यों फैलाई, इसे लेकर जांच की जा रही है।
अफवाह के स्रोत की पड़ताल शुरू
अस्पताल प्रबंधन अब उस शरारत की जड़ तक पहुंचने की जुगत में लग गया है, जिसने गैस लीक की अफवाह को जन्म दिया। यह अफवाह कोरोना आइसोलेशन वार्ड से ही उड़ी या किसी शरारती तत्व ने कहीं और से शुरु हुई। इसके लिए एक टीम तैयार की जा रही है। सिविल सर्जन डा.जयभगवान जाटान ने सीनियर डाक्टरों से कहा कि इसकी पड़ताल की जाए ताकि दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। टूटे आइसोलेशन वार्ड की मरम्मत भी शुरु करवा दी गई है।
सिविल सर्जन डा. जयभगवान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचे। यहां ड्यूटी पर मौजूद एक स्टाफ नर्स ने बताया कि सामान्य तौर पर एक मरीज को रेफर करते समय एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति ने हंगामा किया। अब वह माफी भी मांग रहा है। गैस लीक की कोई घटना नहीं हुई है, यह पूरी तरह से अफवाह है। किसने उड़ाई इसे लेकर जांच की जा रही है। इस समय अस्पताल में 74 कोरोना संक्रमित मरीज दाखिल हैं। अफवाह किसने और क्यों फैलाई, इसे लेकर जांच की जा रही है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें