अटल सेवा केंद्र में लूट करने वाला गैंग पकड़ा गया
शौकी ने चार वारदात कुबूल ली हैं। फरार तीन बदमाशों की तलाश की जा रही है। इन बदमाशों के पास वारदात में इस्तेमाल एक लाख रुपये की कीमत की पिस्तौल भी है। इसकी बरामदगी करनी है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : भावना चौक स्थित अटल सेवा केंद्र में 9.70 लाख रुपये लूट की वारदात को अंजाम देने वाले सरगना बुआना लाखू के अशोक उर्फ शौकी और उसके गुर्गे सोनीपत के मदीना गांव के दीपक को सीआइए-वन पुलिस ने निजामपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 315 बोर के दो देसी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई। एक आरोपित पहले सब्जी बेचता था। तीन आरोपितों को अभी पकड़ना बाकी है।
दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है। सीआइए-वन ने वारदात के बाद लूट की वारदातों में शामिल 40 बदमाशों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पड़ताल की। इसी के आधार पर बदमाशों की पहचान हुई। दुस्साहसी बदमाश फिर भी वारदात की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस के हत्थे चढ़ गए। शौकी ने चार वारदात कुबूल ली हैं। फरार तीन बदमाशों की तलाश की जा रही है। इन बदमाशों के पास वारदात में इस्तेमाल एक लाख रुपये की कीमत की पिस्तौल भी है। इसकी बरामदगी करनी है।
सरगना की रेकी पर यकीन नहीं हुआ तो तीन बदमाशों ने की रेकी
सीआइए-वन प्रभारी राजपाल सिंह ने सरगना अशोक से पूछताछ की। अशोक ने बताया कि वह राज नगर में किराये के मकान में रहता था। डेढ़ महीना पहले उसने अटल ग्राहक सेवा केंद्र की रेकी की। 150 रुपये में पैन कार्ड बनवाया। मालिक महेश बजाज के केंद्र पर आने से लेकर लौटने तक के समय व कितना कैश रखता है, का पता लगाया। तीन गुर्गों को अशोक पर विश्वास नहीं हुआ। इन गुर्गों ने भी बीस दिन पहले रेकी की थी।
चार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, रोहतक में भी बैंक लूटना था
सीआइए-वन प्रभारी के मुताबिक दीपक दिल्ली के मंगोलपुरी में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। उसे जल्द अमीर बनने की हसरत थी। वह अशोक के गैंग में शामिल हो गया। उसके भाई कीडू के अशोक से जेल में मुलाकात हुई थी। सितंबर 2020 में जेल से छूटने पर अशोक की दीपक के साथ भी दोस्ती हो गई। इसके बाद उसने गैंग बनाया। दिल्ली में अशोक ने दीपक, उसके गांव के अमित उर्फ मीता, कलानौर के निखिल और गन्नौर के राजवा के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। दीपक कमरे पर रह गया। चारों दो बाइकों से 22 दिसंबर की सुबह अटल ग्राहक सेवा केंद्र पर पहुंचे। अशोक बाइक पर बैठा था। तीनों ने केंद्र में घुसकर पिस्तौल के बल पर मालिक महेश बजाज को बंधक बनाया और 9.70 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद चारों बाइकों से गोहाना, रोहतक से होते हुए दिल्ली पहुंचे। वहां पर दीपक के कमरे पर शराब पार्टी की। सभी ने हिस्सा बांटा। बदमाशों ने गोहाना और रोहतक में भी बैंक व ज्वैलर्स की रेकी कर थी। पुलिस पीछे पड़ा होने के कारण वारदात नहीं कर पाए।
अशोक पर 25 मामले दर्ज हैं
अशोक पर पानीपत, रोहतक, सोनीपत, समालखा, गोहोना, गन्नौर, समालखा और कैथल में लूट और चोरी के 25 मामले दर्ज हैं। दीपक पर सोनीपत के बरोदा थाने में मारपीट का मामला दर्ज है। छह महीने पहले वे जेल से जमानत पर छूटकर आया था।
अशोक ने ये कर रखी हैं वारदात
-ढाई महीने पहले आरोपित अशोक ने मांडी गांव के रणबीर उर्फ नेशा के साथ मिलकर इसराना में घर से 46000 रुपये और सोने की दो अंगूठी चोरी कर ली।
-ढाई महीने पहले अशोक ने मदीना के अमित के साथ मिलकर बांध मोड़ पर पेट्रोल पंप से 10 हजार रुपये लूटे।
-अशोक ने अमित, निखिल और राजवा के साथ मिलकर सोनीपत के सरगथल के पास एक व्यक्ति से डेढ़ किलो चांदी, 18 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था।