पढि़ए पानीपत जिले में अपराध की संक्षिप्त खबरें
चार अप्रैल को शाम सात बजे वह पशुबाड़े से दूध लेकर घर लौट रही थी। घर के सामने जेठानी अनीता ने बेटी निधि व मोहिनी पति जसदेव ननद सुमन और विकास नगर के अनिल ने डंडों से पिटाई कर दी।
मां-बेटे को डंडे से पीटा
जासं, पानीपत : छोटा महराणा गांव की बनती नामक महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि तीन अप्रैल को उसकी जेठानी अनीता के साथ कहासुनी हो गई थी। चार अप्रैल को शाम सात बजे वह पशुबाड़े से दूध लेकर घर लौट रही थी। घर के सामने जेठानी अनीता ने बेटी निधि व मोहिनी, पति जसदेव, ननद सुमन और विकास नगर के अनिल ने डंडों से पिटाई कर दी। उसने शोर मचाया तो बेटा कपिल छुड़वाने के लिए आया तो आरोपितों ने उसे भी पीटा। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गये। आठ मरला चौकी ने मामला दर्ज किया।
बस स्टैंड के सामने युवक को पीटा
जासं, पानीपत : राजनगर के संदीप ने पुलिस को शिकायत दी कि वह पानीपत बस अड्डा के सामने पानी की बोतलें बेचता है। पिता सुरेश अड्डा के सामने चाय की रेहड़ी लगाते हैं। पांच अप्रैल को वह फ्लाईओवर के नीचे बोतल बेचने के लिए खड़ा था। तभी हरिनगर के सुनील और शक्ति नगर के रवि ने उसे मुक्के और थप्पड़ मारे। ममेरे भाई कुलदीप और पिता सुरेश ने उसे आरोपितों के चंगुल से छुड़वाया। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गये। घायल को सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया। थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
घर का सामान बाहर फेंका, केस दर्ज
जासं, पानीपत : मनमोहन नगर के नफीसा ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि ससुर व देवर ने धोखे से उसका मकान बेच दिया है। पांच-छह साल से पति खुर्शीद किसी महिला के साथ चला गया था। इसके बाद पति वापस नहीं लौटा। नवसाद ने घर से उसका सामान बाहर फेंक दिया और उसके साथ बदसलूकी की। किला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया।