विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सिर्फ 30 रुपये लीटर मिल रहा सरसों का तेल, राशन कार्ड धारकों को महंगाई से बड़ी राहत

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:35 AM (IST)

बाजार में 210 रुपये प्रति लीटर बिकने वाला सरसों का तेल पानीपत के सरकारी राशन डिपो पर गरीब परिवारों को मात्र 30 रुपये में मिल रहा है। यह सस्ती उपलब्धता महंगाई के बीच लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी आर्थिक राहत साबित हो रही है।

हरियाणा में सिर्फ 30 रुपये लीटर मिल रहा सरसों का तेल। फोटो जागरण

हरियाणा में सिर्फ 30 रुपये लीटर मिल रहा सरसों का तेल। फोटो जागरण

HighLights

  1. बाजार में सरसों तेल 210 रुपये प्रति लीटर।

  2. राशन डिपो पर मात्र 30 रुपये में उपलब्ध।

  3. लाखों गरीब परिवारों को मिल रही आर्थिक राहत।

जागरण संवाददाता, पानीपत। बाजार में सरसों के तेल की कीमत 210 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। ऐसे में सरकारी राशन डिपो से 30 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला सरसों का तेल गरीब परिवारों के लिए रसोई का सहारा बन रहा है।

महंगाई के बीच राशन कार्ड धारक परिवार बाजार से महंगा तेल खरीदने के बजाय डिपो से मिलने वाले सस्ते तेल को प्राथमिकता दे रहे हैं। जिले में 2.04 लाख से अधिक राशन कार्ड हैं, जिनसे 8.11 लाख से अधिक यूनिट जुड़ी हैं।

जिले में सरकारी खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के तहत 428 राशन डिपो संचालित हैं। इनके माध्यम से 2,04,825 राशन कार्डों से जुड़े 8,11,905 लाभार्थियों तक सरकारी राशन पहुंचाया जा रहा है। इनमें सबसे अधिक 1,85,439 राशन कार्ड बीपीएल श्रेणी के हैं। वहीं, अंत्योदय अन्न योजना के तहत 13,419 और एपीएल श्रेणी के 5,967 राशन कार्ड हैं। बड़ी संख्या में परिवार सरकारी राशन वितरण व्यवस्था पर निर्भर हैं।

कम रेट पर मिल रहे तेल

राशन डिपो संचालकों ने बताया कि कार्ड धारकों के परिवार में सदस्यों की संख्या के आधार पर सरसों का तेल दिया जा रहा है। एक से दो सदस्यों वाले परिवार को आधा लीटर और तीन से छह सदस्यों वाले परिवार को एक लीटर तेल मिल रहा है।

बाजार में जहां एक लीटर सरसों का तेल खरीदने के लिए 210 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं, वहीं डिपो पर यही तेल 30 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध हो रहा है। इससे परिवारों को सीधे तौर पर आर्थिक राहत मिल रही है।

राशन डिपो से खरीद रहे तेल

महंगाई के कारण खाने-पीने की वस्तुओं के दाम पहले ही घरेलू बजट पर असर डाल रहे हैं। ऐसे में रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाले सरसों के तेल पर होने वाला खर्च भी परिवारों के लिए बड़ी चिंता है। डिपो से मिलने वाले सस्ते तेल ने इस खर्च को कुछ कम किया है।

यही कारण है कि बाजार में महंगा तेल खरीदने के बजाय लोग सरकारी राशन डिपो से मिलने वाले तेल को प्राथमिकता दे रहे हैं। डिपो होल्डर एसोसिएशन जिला प्रधान कन्हैया ने बताया कि डिपो पर तेल आ गया है, कार्डधारकों को दिया भी जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।