पंजाब के उद्योग मंत्री गुरकीरत सिंह का बयान, कहा-सीएम चन्नी ने लिए कई ऐतिहासिक फैसले
कैबिनेट मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली शाहाबाद में मारकंडेश्वर मंदिर में दर्शनों के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। गुरकीरत सिंह ने कहा कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद करीब पिछले डेढ़ माह में पंजाब सरकार ने पंजाब की जनता के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए।
शाहाबाद(कुरुक्षेत्र), संवाद सहयोगी। पंजाब के उद्योग मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्ष में पंजाब की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का काम किया है। जिसकी बदौलत पंजाब में उद्योग मजबूत हुआ है और साढे़ चार साल में निवेशकों ने एक लाख करोड़ से अधिक निवेश पंजाब में किया है। पंजाब सरकार ने सड़कों पर बड़ा काम किया है जोकि देश में अपने आप में एक सरीखा उदाहरण है।
जनहित में लिए कई अहम फैसले
कैबिनेट मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली शाहाबाद में मारकंडेश्वर मंदिर में दर्शनों के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। गुरकीरत सिंह ने कहा कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद करीब पिछले डेढ़ माह में पंजाब सरकार ने पंजाब की जनता के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड के कारण लोगों की आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ा था, इसलिए पंजाब सरकार ने बिजली बिलों को माफ करके बिजली सस्ती करने का काम किया है। इसके अलावा भी अनेकों महत्वपूर्ण निर्णय जनता के हित में लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पंजाब के हकों की लड़ाई लड़ रही है, जबकि अकालियों ने हमेशा ही कुर्सी को तरजीह दी है।
अकाली बिना वजह शोर मचा रहे है
पंजाब के सभी मसले हल हो चुके हैं और अकाली बिना वजह शोर मचाने का काम कर रहे हैं। कोटली ने कहा कि अकाली सरकार के समय युवाओं को नशे के ग्रस्त में धकेला गया था, जबकि कांग्रेस ने नशे को जड़ से खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह को कांग्रेस में रहकर काम करना चाहिए। इससे पहले शाहाबाद पहुंचने पर हर्षवर्धन कोहली और विनोद वधवा ने केबिनेट मंत्री गुरकीरत कोटली का स्वागत किया। इस मौके पर हर्षवर्धन कोहली, विनोद वधवा, रमन कोहली, मोहित चढूनी, चंद्र मोहन कोहली, भरत सिंह मौजूद रहे।