आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर लघु सचिवालय में काटा बवाल
नेशनल दलित मूवमेंट फॉर जस्टिस संगठन, विकास नगर के महिला व पुरुषों ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे मारपीट में घायल कृष्ण को लघु सचिवालय में रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। वह आठ आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। आधे घंटे हंगामे के बाद डीएसपी मुख्यालय जगदीप दून मौके पर पहुंचे पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि तीन दिन में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही वह माने।
जागरण संवाददाता, पानीपत : नेशनल दलित मूवमेंट फॉर जस्टिस संगठन, विकास नगर के महिला व पुरुषों ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे मारपीट में घायल कृष्ण को लघु सचिवालय में रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। वह आठ आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। आधे घंटे हंगामे के बाद डीएसपी मुख्यालय जगदीप दून मौके पर पहुंचे पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि तीन दिन में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही वह माने।
विकास नगर की मुन्नी ने बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करती है। 8 अगस्त को 2:30 बजे सामान लेकर आई तभी पड़ोसी दुकानदार सुरेश शर्मा ने उसे जातिसूचक शब्द कहे। विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ बदसलूकी कर कपड़े फाड़ दिए और बेटे साहिल, मोहित व पत्नी के साथ मिलकर डंडों से पीटा। आरोपित उसके पति कृष्ण को भी घसीटते हुए गली में लेकर आए और ईटों व गंड़ासी से उस पर हमला किया। सुरेश के भांजे व भाई राजेंद्र ने भी उसे व कृष्ण को पीटा। आसपास के लोग दोनों को सेक्टर 29 चौकी लाए। जहां से पुलिस ने उन्हें सामान्य अस्पताल भेज दिया।
वहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल कृष्ण को पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया लेकिन उसके पति को वहां इलाज नहीं किया। वह फिर उसे सामान्य अस्पताल पहुंची पर उन्होंने भी भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद उसने कृष्ण को हैदराबादी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपित लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं कर रही। राजेंद्र, साहिल, मोहित, रमेश, मांगाराम व अन्य चार आरोपित उस पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। उसे कहीं इंसाफ नहीं मिल रहा है, इसलिए मजबूर होकर वह घायल पति को लेकर लघु सचिवालय पहुंची। डीएसपी दून ने एंबुलेंस मंगवाकर घायल कृष्ण को सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया। डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित सुरेश शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य की तलाश की जा रही है।
27 अगस्त को भी जीटी रोड पर लगाया था जाम, 40 पर केस दर्ज हैं
27 अगस्त को मुन्नी व उसके परिजन ने घायल कृष्ण को जीटी रोड पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की थी। थाना शहर पुलिस ने रोड जाम करने सहित कई धाराओं के तहत मुन्नी देवी सहित 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।