अपोलो और चंदन स्कूल में फिट इंडिया मूवमेंट पर कार्यक्रम
पट्टीकल्याणा स्थित अपोलो और आट्टा स्थित चंदन स्कूल में फिट इंडिया मूवमेंट पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया गया।
जागरण संवाददाता, समालखा : पट्टीकल्याणा स्थित अपोलो और आट्टा स्थित चंदन स्कूल में फिट इंडिया मूवमेंट पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया गया।
अपोलो स्कूल में क्रीड़ा भारती के प्रांतीय संगठन मंत्री उमेश कुमार ने कहा कि खेल दिवस मेजर ध्यानचंद के जन्म दिन पर ही मनाया जाता है। हमें उनकी प्रतिभा से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। प्रिसिपल रजनी शर्मा ने कहा कि हमारा फोकस जब अपने लक्ष्य पर होगा तो सफलता भी हमें अवश्य मिलेगी। भारत विकास परिषद के प्रांतीय संयोजक सुरेश रावल ने कहा कि ध्यानचंद की उपलब्धियों के कारण ही हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है। हॉकी प्रतियोगिता में लड़कों की अंडर-14 आयु वर्ग में चंदन स्कूल, आट्टा को पहला, अपोलो इंटरनेशनल को दूसरा, गीता विद्या मंदिर निबरी को तीसरा स्थान मिला। इस अवसर पर संजीव त्यागी, अमित शर्मा, संगीता पवार, मनोज छौक्कर, दीपक कुमार व अनिल छौक्कर मौजूद रहे।
उधर, चंदन बाल विकास आट्टा में डेजी सदन के बच्चों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाला गया। बच्चों ने कविता और भाषण से उनकी जीवन शैली को उजागर किया। बच्चों के बीच प्रदर्शनी मैच खेला गया। प्रबंधक नरेश गाहल्याण ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जैसे महान खिलाड़ी के जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने अपने दम पर खेल की दुनिया में भारत का नाम रोशन किया।