यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haryana 134A Rule Admission: गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में मिलेगा दाखिला, यमुनानगर में 10 हजार सीटें खाली
Haryana 134A Rule Admission गरीब बच्चों के लिए निजी स्कूलों ने 10 हजार सीटें खाली छोड़ी हैं। सरकार के आदेश ...और पढ़ें

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। Haryana 134A Rule Admission: निजी स्कूलों में गरीब व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को दो साल बाद दाखिला मिलने जा रहा है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। प्राइवेट स्कूलों ने 10 हजार सीटें इन बच्चों के लिए खाली छोड़ी हैं। इन पर दाखिला लेने के लिए अभिभावक आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद आफलाइन आवेदन मंजूर नहीं किए जाएंगे। शुक्रवार को शिक्षा विभाग ने करीब 350 प्राइवेट स्कूलों द्वारा दर्शायी गई खाली सीटों की वेरिफिकेशन की जो सही पाई गई।
134-ए नियम के तहत यह रहेगा ये शेड्यूल
29 अक्टूबर से 14 नवंबर आनलाइन दाखिला फार्म जमा करवाएं जाएंगे। 18 नवंबर पात्र बच्चाें की सूची की तैयार की जाएगी। 21 नवंबर बच्चों का असेसमेंट टेस्ट होगा। 26 नवंबर को टेस्ट का परिणाम घोषित किया जाएगा। 29 नवंबर को दाखिले के लिए पहला ड्रा निकाला जाएगा। जिसके लिए एक दिसंबर से 10 दिसंबर तक स्कूलों में दाखिला लिया जा सकेगा।
आधा सत्र समाप्त होने को, अब आवेदन शुरू
आधा सत्र समाप्त होने के बाद आवेदन मांगे जाने को लेकर अभिभावकों में रोष है। अभिभावकों का कहना है कि दाखिले को लेकर सरकार के आदेश को गरीब विद्यार्थियों से मजाक है। शिक्षा सत्र 2021-22 की आधी पढ़ाई हो जाने के बाद सिर्फ तीन-चार महीने की पढ़ाई के लिए आवेदन मांगना सरकार की महज खानापूर्ति है। जागरूक अभिभावक मंच ने आरोप लगाया कि एक ओर निजी स्कूल प्रबंधक शिक्षा सत्र 2021-22 की छहमाही या प्रथम सत्र की परीक्षाएं नवंबर दिसंबर में लेने वाले हैं। ईडब्ल्यूएस व बीपीएल विद्यार्थियों का नियम 134ए के तहत दाखिला करने की अब योजना बनाई गई। ऐसे हालात में विद्यार्थी निजी और सरकारी दोनों ही स्कूलों की पढ़ाई के लायक नहीं रहेंगे।
क्या करें अभिभावक
134ए के तहत अभिभावकों को जिस प्राइवेट स्कूल में बच्चों को दूसरी से 12वीं कक्षा तक दाखिला दिलवाना है, उसके लिए उन्हें किसी साइबर कैफे, सीएससी पर जाकर आनलाइन फार्म भरना होगा। इस बार फार्म बीईओ व डीईईओ कार्यालय में उपलब्ध नहीं होंगे। हालांकि शिक्षा विभाग ने हर ब्लाक में बीईओ कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। जो लोग साइबर कैफे में जाकर आवेदन करने में सक्षम नहीं है वह बीईओ कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकता है। अभिभावक चाहें तो वे खुद भी आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किस पोर्टल पर फार्म भरा जाएगा इसकी जानकारी वे बीईओ कार्यालय से ले सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है : रामदिया गागट
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट का कहना है कि कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल नहीं खोल जा रहे थे। स्कूल खुलने के बाद निदेशालय की ओर से पत्र जारी कर 134ए के तहत दाखिला करने के आदेश दिए हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
