PM Modi Repeal Farm Laws: कृषि कानून वापस, जाम खुलता है तो कारोबारियों को मिलेगी बड़ी राहत
PM Modi Repeal Farm Laws जाम खुलने का इंतजार कर रहे पानीपत के कारोबारी। बाहर से व्यापारी खरीद के लिए नहीं आ रहे। माहौल नकारात्मक होने के कारण पानीपत नहीं आते व्यापारी। निर्यातकों पर भी पड़ रहा है असर।
पानीपत, जागरण संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरु पर्व पर तीनों कृषि कानून वापस करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही जीटी रोड पर लगा जाम भी हट सकता है। इससे पानीपत को बड़ी राहत मिल जाएगी। करोड़ों का कारोबार ठप हो चुका है। बाहर से बायर आना नहीं चाह रहे। देशभर में जो कंबल, शाल, कपड़ा सप्लाई होता है, उस पर भी असर पड़ा है। जाम खुलने से व्यापार और गति पकड़ेगा।
चीन से मिंक कंबल मंगाया जाता था। पानीपत के उद्यमियों ने मिंक कंबल की ही फैक्ट्रियां यहां लगा लीं। चीन से आयात पूरी तरह से बंद कर दिया। मिंक कंबल पर निर्भरता पूरी तरह से खत्म कर दी। पोलर कंबल उत्पादन में भी इसी तरह पानीपत आगे निकल गया। लेकिन किसान आंदोलन की वजह से काम बुरी तरह से प्रभावित हुआ। ऐसा पहली बार हुआ कि दीवाली तक फैक्ट्रियों में स्टाक पड़ा हुआ था। इससे पहले दीवाली के दिनों में कभी स्टाक नहीं होता था। यहां तक की रेट बढ़ जाया करते थे। उद्यमियों को सामान्य रेट पर ही माल बेचना पड़ा।
टोल प्लाजा पर खुशी
टोल प्लाजा पर इस समय खुशी का माहौल है। किसानों का कहना है कि उनके संघर्ष की जीत हुई है। संयुक्त किसान मोर्चा के फैसले का समर्थन करेंगे। अगर कहेंगे कि धरने से हटना है तो हट जाएंगे।
जाम हटना है जरूरी
उद्यमी विनोद खंडेलवाल का कहना है कि इस समय जाम हटना जरूरी है। काम काफी प्रभावित हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा से अब उम्मीद जगी है कि धरना हट जाएगा। इससे पानीपत के कारोबार को राहत मिलेगी। निर्यातक ललित का कहना है कि हाईवे पर धरना लगा होने से घूमकर जाना पड़ता है। इस वजह से काफी समय खराब हो जाता है। बाहर से बायर भी नहीं आ पाते। स्थानीय उद्यमियों को तो और ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।