ब्रेकिंग न्यूज : किसान की तीन गोलियां मारकर हत्या, घर जाकर बैठ गया हत्यारा, ये थी वजह
पानीपत के डाडोला गांव में वारदात। दो से चार फीट तक मेढ़ को पीछे करने का था विवाद। पेट्रोल पंप पर गनमैन संदीप ने डाडोला के सुखबीर की हत्या की। हत्या के बाद घर पहुंचा। भागने का नहीं किया प्रयास।
पानीपत, जेएनएन : यहां के गांव डाडोला में तीन गोलियां मारकर एक किसान की हत्या कर दी गई। गांव में सनसनी फैल गई है। मामला जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ है। मेढ़ बनाने का झगड़ा था। दोनों पक्षों के बीच विवाद नहीं सुलझ रहा था। आखिरकार एक पक्ष ने गोली ही मार दी। हत्यारा पेट्रोल पंप पर गनमैन है। हत्या करने के बाद घर पहुंच गया।
डाडोला में ड्रेन के साथ एक जमीन लगती है। सुखबीर और संदीप पक्ष में मेढ़ को लेकर विवाद चल रहा था। मेढ़ यानी, एक तरह से खेत की सीमा। दो से चार फीट तक की जगह को लेकर झगड़ा था। संदीप पक्ष का कहना था कि सुखबीर को अपनी मेढ़ पीछे करनी चाहिए। सुखबीर पक्ष कहता था कि उनकी मेढ़ सही जगह पर है।
पिस्टल निकाल कर दिए फायर
सुबह सुखबीर अपने खेत में पहुंचा था। थोड़ी देर बाद ही बाइक पर संदीप भी पहुंच गया। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार संदीप के पास पिस्टल थी। संदीप ने कहा कि अभी तक मेढ़ को पीछे नहीं किया। सुखबीर ने विरोध किया तो संदीप ने पिस्टल निकालकर तीन फायर कर दिए।
यहां लगी गोलियां
संदीप ने एकाएक तीन गोलियां चला दीं। एक कंधे पर, एक छाती और एक टांग पर गोली लगी। इसके बाद संदीप बाइक स्टार्ट कर अपने घर चला गया। उसने भागने की कोशिश नहीं की।
दो बेटे, दोनों की शादी हो चुकी
डाडोला के सुखबीर के दो बेटे हैं। एक मोनू और दूसरा नीतिन। दोनों की शादी हो चुकी है। हत्या की वारदात के बाद एएसपी कुलदीप, डीएसपी प्रदीप कुमार, थाना चांदनी बाग प्रभारी राजबीर सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। हत्यारे को घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। चांदनी बाग थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। सुखबीर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।