हत्या कर नहर में फेंके गए व्यक्ति की नहीं हुई शिनाख्त, जांच के लिए भेजी विसरा रिपोर्ट
कुरुक्षेत्र में नरवाना ब्रांच नहर में गांव दबखेड़ी के नजदीक मिले एक व्यक्ति के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। 72 घंटे के उपरांत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शव के अंतिम संस्कार के लिए करनाल के जनसेवा कल्याण दल को सौंप दिया।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र में नरवाना ब्रांच नहर में गांव दबखेड़ी के नजदीक मिले एक व्यक्ति के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। 72 घंटे के उपरांत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शव के अंतिम संस्कार के लिए करनाल के जनसेवा कल्याण दल को सौंप दिया। जनसेवा कल्याण दल शव का विधिवत अंतिम संस्कार करेगा। वहीं पुलिस का कहना है कि विसरा रिपोर्ट जांच के लिए भेज दी है। विसरा रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का मिलान करने से मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
नरवाना ब्रांच नहर में गांव दबखेड़ी के समीप बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। गोताखोर प्रगट ङ्क्षसह दबखेड़ी की टीम ने शव को नहर से बाहर निकाला तो उसके हाथ व पांव कपड़े से बंधे हुए थे। जिससे आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। गोताखोर प्रगट ङ्क्षसह के अनुसार नहर में शव लगभग चार दिन पहले फेंका गया होगा। उसके पास से कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया।
शव की नहीं हुई शिनाख्त : चौकी प्रभारी
ज्योतिसर चौकी पुलिस प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया। करनाल की जनसेवा कल्याण दल को शव अंतिम संस्कार के लिए सौंपा गया है। आसपास के क्षेत्र के थानों में सूचना देने के बाद भी कोई जानकारी नहीं लगी है। पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है।