यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Panipat Sports News: देश के नामचीन पहलवानों को पटकनी देकर पानीपत के सागर बने भारत कुमार
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में गोल्ड कुश्ती कप हुआ। इसमें पानीपत के रहने वाले सागर जागलान ने खिताब जीता। ...और पढ़ें

पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत के राज नगर के सागर जागलान ने बाबा शीतल गोल्ड कुश्ती कप में भारत कुमार का खिताब जीता। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में हुई। सागर ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में देश के चार नामचीन पहलवानों को पटकनी दी। उन्हें पुरस्कार में एक लाख रुपये और बुर्ज मिला।
इससे पहले भी सागर भारत कुमार का खिताब जीत चुके हैं। सागर ने दैनिक जागरण को बताया कि वह खरखौदा स्थित अश्विनी अखाड़े में हर रोज सुबह व शाम तीन-तीन घंटे अभ्यास करता है। अब वह सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप की तैयारी में जुटा है। उसका लक्ष्य प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने का है। पहले भी वह सीनियर नेशनल चैंपियन रह चुका है। सागर पहले भी सब जूनियर एशियन व विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण, खेलो इंडिया में स्वर्ण, सीनियर गेम्स में रजत और अंडर-23 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
सागर ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
कुश्ती कोच अश्विनी दहिया ने बताया कि सागर की खासियत है कि वह मुकाबले में जो तकनीकी गलती करता है। भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराता है। इसी वजह से वह प्रतिद्विंद्वी पहलवान पर भारी पड़ता है। गोल्ड कप में सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और प्रसिद्ध पहलवानों को मात दी। स्वर्ण पदक भी जीता। सागर से जूनियर खिलाड़ी भी प्रेरणा लेते हैं। सागर से आने वाली नेशनल कुश्ती प्रतियोगिताओं के अलावा अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद है।
बेटे ने नाम रोशन किया
सागर के पिता मुकेश जागलान ने बताया कि घर की आर्थिक स्थित कमजोर होने के कारण उसका खेल छूट गया था। उसने ठान लिया था कि बेटे सागर को कुश्ती चैंपियन बनाएगा। सागर ने कड़ा अभ्यास किया और जूनियर से लेकर सीनियर कुश्ती मुकाबलों में सफलता हासिल की। सागर ने भारत कुमार का खिताब जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
