पानीपत में 40.97 करोड़ रुपये से लगेगी आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें, कैबिनेट मंत्री महीपाल ढांडा ने सरकार को भेजा बजट
पानीपत शहर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम लगाने के लिए 40.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दिव्य नगर योजना के तहत स्थापित होने वाली यह प्रणाली शहर की प्रकाश व्यवस्था को प्रभावी और ऊर्जा दक्ष बनाएगी, जिससे नागरिकों को सुविधा और सुरक्षा मिलेगी।

पानीपत में लगेंगी स्ट्रीट लाइटें (जागरण आर्काइव फोटो)
HighLights
पानीपत में 40.97 करोड़ रुपये की लागत से नई स्ट्रीट लाइटें।
दिव्य नगर योजना के तहत एलईडी और सीसीएमएस प्रणाली स्थापित होगी।
बेहतर प्रकाश व्यवस्था से शहर में सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी।
अंबर अग्निहोत्री, पानीपत। शहर की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 40.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दिव्य नगर योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम के साथ सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मानिटरिंग सिस्टम (सीसीएमएस) स्थापित किया जाएगा। सरकार ने इस परियोजना के लिए 4097.75 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
साथ ही 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी मंजूरी दी है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि नगर निगम की ओर से इस परियोजना का प्रस्ताव और अनुमानित बजट सरकार को भेजा गया था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहर में प्रकाश व्यवस्था अधिक प्रभावी और ऊर्जा दक्ष होगी।
इससे रात के समय सड़कों पर आवागमन करने वाले लोगों, विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों को सुविधा मिलेगी। सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर रोशनी होने से सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना की कुल लागत का 50 प्रतिशत हिस्सा यानी 2048.87 लाख रुपये नगर निगम को अपने कोष से वहन करना होगा। योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार निगम राज्य सरकार का हिस्सा मिलने से पहले अपनी राशि खर्च करेगा। सरकार की ओर से शेष धनराशि वास्तविक रूप से हुए कार्य, निर्धारित प्रक्रिया और मांग के आधार पर जारी की जाएगी।
तकनीकी और सुरक्षा मानकों का रखना होगा ध्यान
मंत्री ने बताया कि काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष शर्तें तय की गई हैं। नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी होगी कि निर्माण और स्थापना का कार्य केवल निगम के अधिकृत एवं अनुमोदित क्षेत्र में ही कराया जाए।
एलईडी लाइट लगाने के साथ अर्थिंग, सुरक्षा और संचालन से जुड़े प्रावधानों का भी पालन करना अनिवार्य रहेगा। महीपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए काम कर रही है।