पानीपत दुकान विवाद: विदेश जिंदल का शव परिजनों को सौंपा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पानीपत में धनतेरस पर दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर हुए विवाद में मोबाइल कारोबारी विदेश जिंदल की मौत हो गई थी।

पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपा विदेश जिंदल का शव, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, पानीपत। धनतेरस के दिन रेलवे रोड पर दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर हुए विवाद में जान गंवाने वाले मोबाइल एसेसरीज कारोबारी विदेश जिंदल का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव स्वजन के हवाले कर दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगामी कार्रवाई करेगी। थाना शहर प्रभारी कटार सिंह नैन ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
बता दें कि शुक्रवार सुबह रेलवे रोड स्थित दुकान नंबर 142 के बाहर सामान रखने को लेकर विदेश जिंदल और पड़ोसी दुकानदार उमेश के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान उमेश ने विदेश के साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की थी। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। फुटेज में मारपीट के कुछ समय बाद विदेश जमीन पर गिरते दिखाई दिए। आसपास के दुकानदार उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
विदेश जिंदल किशनपुरा स्थित इंडियन कॉलोनी के रहने वाले थे। रेलवे रोड पर उनकी मोबाइल एसेसरीज की दुकान थी। वह पत्नी और तीन बच्चों के पिता थे। स्वजन ने पड़ोसी दुकानदार उमेश पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने स्वजन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।