बैलगाड़ियों के दौर से आधुनिक शोरूम तक, पानीपत का दिल है ‘रोशन महल’ बाजार; अनोखा है इसका इतिहास
पानीपत का रोशन महल बाजार, जिसे अब सुभाष बाजार के नाम से जाना जाता है, अपनी ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक व्यावसायिक चमक का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।
-1794200608382_m.webp)
फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
रोशन महल बाजार अब सुभाष बाजार के नाम से जाना जाता है
यह बाजार ऐतिहासिक विरासत और आधुनिकता का अनूठा संगम है
यहां शोरूम, डिजाइनर दुकानें और उपहार केंद्र मौजूद हैं
नरेश मेहरा, पानीपत। हरियाणा का ऐतिहासिक शहर पानीपत अपने बहादुरी की लड़ाइयों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने प्राचीन और जीवंत बाजारों के लिए भी देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है।
इसी ऐतिहासिक शृंखला में शहर के हृदय स्थल पर स्थित रोशन महल बाजार एक ऐसा नाम है, जो अपने आंचल में इतिहास की कई परतों और पुरानी यादों को समेटे हुए आज भी उतनी ही तन्मयता से आबाद है। आज इस रोशन महल का नाम सुभाष बाजार है और इसमें करीब 90 दुकानें हैं।
जानिये ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और खास बातें
पानीपत के पुराने शहरी ताने-बाने का यह क्षेत्र अपने खास बसावट और विरासत के लिए जाना जाता है। इतिहास के पन्नों को पलटें तो इस इलाके का नाम शाही दौर और पुरानी हवेलियों की वास्तुकला की याद दिलाता है।
हालांकि समय के साथ यहां की रूपरेखा बदली है, लेकिन इसकी गलियों की बनावट आज भी उस पुराने दौर की कहानी कहती है जब पानीपत उत्तर भारत के प्रमुख व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्रों में शामिल हुआ करता था।
पुरानी यादें और लोगों का अपनापन
संयुक्त व्यापार मंडल समिति प्रधान विशाल वर्मा बताते हैं कि बुजुर्गों की मानें तो रोशन महल बाजार का पुराना दौर आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। बैलगाड़ियों और तांगों की खड़खड़ाहट से लेकर शाम के वक्त यहां की रौनक देखने लायक होती थी।
शादियों का सीजन हो या रोजमर्रा की खरीदारी, यह बाजार शहर के परिवारों के लिए हमेशा से पहली पसंद रहा है। गलियों से आती पारंपरिक खान-पान की खुशबू और दुकानदारों का वह पुराना अपनेपन वाला व्यवहार, आज भी पुरानी पीढ़ी की स्मृतियों में ताजा है। यहां के पुराने आभूषण विक्रेता, कपड़े के व्यापारी और खानदानी दुकानें इस बाजार की मिट्टी से जुड़ी गहरी वफादारी को दर्शाती हैं
आज की खास बातें और आधुनिक स्वरूप
वक्त के पहिए के साथ रोशन महल बाजार ने खुद को आधुनिकता के सांचे में भी ढाला है। आज यह बाजार पारंपरिकता और आधुनिकता का एक बेहतरीन संगम बन चुका है।
तंग गलियों के बीच अब इस बाजार में शोरूम्स, डिजाइनर कपड़ों की दुकानें, आधुनिक आभूषणों के काउंटर और बेहतरीन उपहार केंद्र अपने चमक बिखेर रहे हैं।
आज भी त्योहारों और वैवाहिक सीजन में पानीपत के इस ऐतिहासिक बाजार में पैर रखने की जगह नहीं मिलती। रोशन महल बाजार केवल एक व्यापारिक केंद्र नहीं है, बल्कि यह पानीपत की उस सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है जो कल भी जीवंत थी और आज भी नए तेवर के साथ उतनी ही रोशन है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।