विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में रफ्तार का कहर! बडौली और NFL गेट के पास दो सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत दो की मौत

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:16 PM (GMT+05:30)

पानीपत में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में घायल दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बडौली में स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से तकदीर सिंह और एनएफएल गेट पर सेंट्रो से चंदन कुमार की मौत हुई।

बडौली और एनएफएल गेट के पास सड़क हादसे, दो की मौत।

बडौली और एनएफएल गेट के पास सड़क हादसे, दो की मौत।

HighLights

  1. पानीपत में दो अलग-अलग सड़क हादसों में मौतें।

  2. बडौली में स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से तकदीर सिंह की मौत।

  3. एनएफएल गेट पर सेंट्रो कार ने ई-रिक्शा चालक को रौंदा।

जागरण संवाददाता, पानीपत। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में घायल दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। पहला हादसा गांव बडौली के अड्डे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सर्विस रोड पर जा रहे तकदीर सिंह को टक्कर मार दी।

दूसरे हादसे में एनएफएल गेट के पास सेंट्रो कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया था। पुलिस ने अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव बडौली निवासी सागर ने सदर थाना पुलिस को बताया कि 17 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह अपने पिता तकदीर सिंह के साथ गांव के अड्डे पर सर्विस रोड से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार ने उनके पिता को टक्कर मार दी।

सागर हादसे में बाल-बाल बचा। कार चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर फरार हो गया। राहगीर घायल तकदीर सिंह को पानीपत के नागरिक अस्पताल ले गए। गंभीर चोटों के कारण उन्हें रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

दूसरे हादसे में बिहार के मधेपुरा निवासी उमेश भगत ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई चंदन कुमार पानीपत में ई-रिक्शा चलाता था। मंगलवार रात करीब आठ बजे सिवाह बस स्टैंड के पास दोनों मिले थे। इसके बाद चंदन ई-रिक्शा से आगे और उमेश मोटरसाइकिल से पीछे चल रहे थे।

नांगल खेड़ी से एनएफएल की ओर जाते समय पीछे से आई सफेद सेंट्रो कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। वाहन फुटपाथ पर पलट गया और चंदन के सिर, हाथ व पैर में गंभीर चोटें आईं। चालक मौके से फरार हो गया। चंदन को रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।