पानीपत में रेल कर्मचारियों ने मांगों को लेकर निकाला मशाल जुलूस, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई आवाज
रेल कर्मचारियों ने पानीपत में मशाल जुलूस निकालकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग की। उन्होंने नई पेंशन योजना समाप्त करने, रिक्त पद भरने और महंगाई भत्ते के भुगतान की भी अपील की।

रेल कर्मचारियों ने मांगों को लेकर निकाला मशाल जुलूस।
HighLights
रेल कर्मचारियों ने पानीपत में मशाल जुलूस निकाला
पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मुख्य मांग
रिक्त पद भरने, महंगाई भत्ता भुगतान की भी अपील
जागरण संवाददाता, पानीपत। रेल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर वीरवार को मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा सचिव महिंदर सिंह ने की।
कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और नई पेंशन योजनाओं को समाप्त करने की मांग उठाई। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है।
पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू करना कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने एनपीएस और यूपीएस को समाप्त कर न्यूनतम पेंशन को न्यूनतम वेतन के बराबर करने की मांग की। इसके साथ ही रेलवे में रिक्त पड़े सभी पदों को जल्द भरने और आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट शीघ्र प्रकाशित करने की मांग भी उठाई।
कर्मचारियों ने महंगाई भत्ते की फ्रीज की गई तीन किस्तों का भुगतान करने और रेलवे में ठेकेदारी प्रथा बंद करने की मांग को भी प्रमुखता से रखा। जुलूस के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की अपील की।
शाखा सचिव महिंदर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।