यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 25, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लव जिहाद: 34 घंटे का अल्टीमेटम, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में युवक-युवती की तलाश Panipat News
पानीपत में लव जिहाद मामले के बाद से पुलिस प्रशासन को ग्रामीणों ने युवक युवती को लाने का अल्टीमेटम दिया ...और पढ़ें

पानीपत, जेएनएन। लव जिहाद मामले में हथवाला गांव में ग्रामीणों के 34 घंटे के अल्टीमेटम के बाद सीआइए पुलिस की तीन टीमें युवक-युवती को ढूंढ़ने के लिए दबिश दे रही है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश और राजस्थान रवाना हो गई। अभी तक सुराग नहीं लगा है। उधर, गांव में शांति व्यवस्था के लिए फ्लैग मार्च भी किया गया। एसडीएम अमनदीप जैन, डीएसपी प्रदीप कुमार और नायब तहसीलदार अनिल कौशिक पुलिस बल के साथ गांव में डटे हैं।
18 जुलाई की रात हथवाला गांव से मुस्लिम युवक और बीए की छात्रा फरार हो गए थे। युवती दादी और भाई को रात में नींद की गोली देकर नगदी और जेवरात सहित ले गई थी। पिता ने गांव के युवक शाबिर के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से वे पुलिस के संपर्क में थे। पुलिस ने उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पांच दिनों तक युवती को बरामद नहीं करने पर ग्रामीणों ने 23 जुलाई को गांव के बस अड्डे पर हंगामा किया। पुलिस को शाम तक आरोपी को गिरफ्तार करने और युवती को बरामद करने की चेतावनी दी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस अड्डा और मस्जिद के आसपास पुलिस का पहरा रहा। गांव में शांति का माहौल होने के बावजूद पुलिस आने जाने वालों पर नजर रखे थी। मस्जिद में भी समाज के लोगों का आना जाना लगा रहा। लोगों ने नमाज भी पढ़ी।
युवती को बरामद करने के लिए दी जा रही दबिश
डीएसपी डीएसपी प्रदीप कुमार ने कहा कि सीआइए की तीन टीम युवक-युवती की तलाश में जुटी है। लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। सौ से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शांति व्यवस्था में लगे हैं। फ्लैग मार्च भी किया गया है। रात में भी इनका पहरा रहेगा।
हथवाला में शांति व्यवस्था के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन
सामाजिक सछ्वावना एकता मंच की ओर से 19 संगठनों ने संयुक्त रूप से जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर हथवाला सहित क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने की मांग की है। जिला प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का वायदा किया है। उन्होंने जनता से भी शांति बनाए रखने की अपील की है। विभिन्न संगठनों से जुड़े पीपी कपूर, सुनील दत्त, दयानंद पंवार, राजेंद्र, पवन सैनी, भारती, पायल, मदनलाल, दीपक कथूरिया, पुष्पेंद्र शर्मा, प्रवेश कुमार आदि ने कहा कि दो अलग अलग समुदाय के युवक और युवतियों के चले जाने से हथवाला में तनाव का माहौल बना है। कुछ असामाजिक तत्वों ने वहां दशहत फैलाने और धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ करने की कोशिश की। हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए माहौल को शांत कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए हर तरह से सतर्क रहना चाहिए, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं घटे। आपसी भाईचारा बना रहे।