अपनों के साथ विश्वासघात, पानीपत में जर, जोरू और जमीन के लिए कत्ल
अपनों के साथ विश्वासघात के मामले बढ़ रहे हैं। पानीपत में कभी पत्नी तो कभी जमीन के लिए हत्या हो रही। सोमवार को एक मामले का पर्दाफाश हुआ। जमीन के लिए पत्नी और भाभी ने मिलकर हत्या करवाई। वहीं एक अन्य मामले ने दोस्त ने ही रंगदारी मांग ली।
पानीपत, जागरण संवाददाता। जर, जोरू और जमीन के लिए अपने ही अपनों के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। सोच यही रहती है कि संकट के समय अपने स्वजन व परिचित काम आएंगे। वे सहारे बनेगा। यहां हो उल्ट रहा है। पांच साल से किसान पानीपत अनाज मंडी के आढ़ती को जानता था। दोनों में रुपये का लेन-देन भी होता था। किसान के मन में खोट आ गया और विदेश में बैठे भाई के साथ मिलकर साजिश रची। आढ़ती से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांग ली। उधर भारत नगर में एक महिला ने अपने ही पति का कत्ल करा दिया। इस तरह की वारदातों ने जिलावासियों को झकझोर कर रख दिया है। अब आरोपित सलाखों के पीछे हैं।
केस -एक : पिता की हत्या हो गई, मां जेल में, बच्चे हुए लावारिस
भारत नगर की सोनू के पति अशोक ने प्लाट बेचने से मना कर दिया था। इससे खफा होकर सोनू ने बहन के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। बहन के प्रेमी से पति का हत्या कर दी। इसके बाद बेखौफ होकर रहती रही। बाद में उसी ने पुलिस को हत्या आरोपित के खिलाफ शिकायत दे दी। पुलिस ने आरोपित को पकड़ा तो हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई। अब सोनू, उसकी बहन जेल में है। उसके तीन बच्चे घर पर हैं। बच्चों के पिता की हत्या हो गई है और मां जेल में है। अब बच्चे लावारिस हो गए हैं।
केस-दो : जिसे दोस्त कहता था उसी ने रंगदारी मांग ली
अनाज मंडी के आढ़ती संदीप दहिया की किसान भादड़ के शीशपाल व रवि से दोस्ती है। रवि अमेरिका में रहता है। शीशपाल ने रवि के साथ मिलकर साजिश रची। रवि ने काल कर संदीप से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांग ली। पुलिस ने शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया। वारदात का खुलासा होने पर संदीप हैरान है। संदीप का कहना है कि उसे यकीन नहीं हो रहा है कि शीशपाल व रवि उसके साथ वारदात कर देंगे।