छठ पर घर जाने के लिए पानीपत स्टेशन पर उमड़ी हजारों की भीड़, ट्रेनों के गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर यात्री
पानीपत में रहने वाले प्रवासी श्रमिक छठ महापर्व मनाने के लिए बिहार लौट रहे हैं, जिससे रेलवे जंक्शन पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
HighLights
पानीपत से प्रवासी श्रमिक छठ मनाने बिहार लौट रहे हैं
छठ पर्व के कारण रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़
ट्रेनों में जगह न मिलने से यात्रियों को हो रही परेशानी
जागरण संवाददाता, पानीपत। बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ मनाने के लिए पानीपत में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों ने अपने घरों की ओर लौटना शुरू कर दिया है।
शहर की फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले हजारों कर्मचारी रोजाना रेलवे जंक्शन से बिहार के लिए रवाना हो रहे हैं। छठ पर्व नजदीक आने के साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों की संख्या के मुकाबले ट्रेनें कम पड़ रही हैं। इसके चलते घर जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे जंक्शन पर सुबह से शाम तक यात्रियों की भीड़ देखी जा सकती है। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों के बीच जद्दोजहद शुरू हो जाती है।
जनरल कोच में पहले से ही भारी भीड़ होने के कारण नए यात्रियों को अंदर जगह नहीं मिल पा रही है। कई यात्री गेट पर खड़े होकर अंदर जाने का इंतजार करते रहते हैं। कुछ यात्री शौचालय के आसपास और कोच के दरवाजों पर भी जगह तलाशते नजर आते हैं।
गेट बंद होने से अंदर नहीं पहुंच पा रहे यात्री
ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कई बार यात्री कोच के गेट तक पहुंचने के बावजूद अंदर प्रवेश नहीं कर पाते। अंदर से गेट बंद होने के कारण उन्हें वापस इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है।
परिवार के साथ छठ मनाने की जल्दी
बिहार लौट रहे प्रवासियों का कहना है कि छठ पर्व उनके लिए बेहद खास है। सालभर काम करने के बाद वे परिवार के साथ यह त्योहार मनाना चाहते हैं। यही वजह है कि वे भीड़ और परेशानी के बावजूद घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।