पानीपत में अश्लील वीडियो बनाकर MBBS डॉक्टर को किया ब्लैकमेल, तीसरी मंजिल से कूदी
पानीपत में एक एमबीबीएस महिला डॉक्टर को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर एक करोड़ रुपये और जेवरात मांगे गए।

पानीपत में अश्लील वीडियो बनाकर MBBS डॉक्टर को किया ब्लैकमेल (संकेतात्मक फोटो)
HighLights
एमबीबीएस डॉक्टर को अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल किया गया
आरोपियों ने एक करोड़ रुपये और जेवरात की मांग की
धमकियों से परेशान डॉक्टर ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाई
जागरण संवाददाता, पानीपत। शहर की एमबीबीएस महिला डाक्टर को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल, एक करोड़ रुपये और जेवरात की मांग करने का मामला सामने आया है।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर डाक्टर ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उनके शरीर में कई फ्रैक्चर हो गए और अब वह चलने-फिरने में असमर्थ होकर बेड पर है। पीड़िता के भाई और चाचा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच डीएसपी स्तर पर कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पहले जींद के पिल्लूखेड़ा थाना में जीरो एफआइआर दर्ज की गई। घटनास्थल पानीपत होने के कारण केस माडल टाउन थाना स्थानांतरित कर दिया।
तेलंगाना में कर रही थी एमबीबीएस
पुलिस शिकायत के अनुसार वर्ष 2015 में जींद के एक स्कूल में पढ़ाई के दौरान पीड़िता की मोहित नामक युवक से पहचान हुई थी। आरोपित ने खुद को संपन्न परिवार से बताकर दोस्ती बढ़ाई और शादी का झांसा दिया। वर्ष 2019 में जब युवती तेलंगाना में एमबीबीएस कर रही थी, तब आरोपित वहां भी पहुंच गया।
आरोप है कि उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए। जब पीड़िता ने शादी से इनकार किया तो आरोपित ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। आरोप है कि वह कई बार पैसे भी ऐंठ चुका था।
एक करोड़ रुपये लाने का बनाया दबाव
आरोपित ने बाद में पीड़िता पर घर से सोने-चांदी के जेवर और एक करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया। शिकायत में मोहित के भाई, बहन और अन्य स्वजन पर भी धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमहेंद्र सिंह का कहना है कि जीरो एफआइआर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।