पानीपत के काबड़ी रोड फैक्ट्री में ड्रम उठाते समय मजदूर की फटी आंत; इलाज के दौरान तोड़ा दम
पानीपत काबड़ी रोड: 1 फैक्ट्री में भारी ड्रम उठाते समय 58 साल के मजदूर सतहू राय की आंत फटने से मौत हो गई।
-1788944481008_m.webp)
आंत फटने से मजदूर की मौत।
HighLights
पानीपत फैक्ट्री में भारी ड्रम उठाते मजदूर की तबीयत बिगड़ी।
इलाज के दौरान आंत फटने से 58 वर्षीय मजदूर की मौत।
परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर इलाज खर्च न देने का आरोप।
जागरण संवाददाता, पानीपत। काबड़ी रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान 58 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी आंत फटने की बात कही।
उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतहू राय के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सतहू राय फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बताया गया कि वह केमिकल से लदा भारी-भरकम ड्रम उठा रहा था।
इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद साथ काम कर रहे श्रमिक उसे नजदीक स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के दौरान सामने आई गंभीर स्थिति
निजी अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि भारी वजन उठाने अथवा अंदरूनी खिंचाव के कारण मजदूर की आंत फटने की आशंका है। उसकी हालत गंभीर होने पर तत्काल उपचार की जरूरत बताई गई। हालांकि, परिजनों के अनुसार अस्पताल में इलाज का खर्च काफी अधिक बताया गया।
मालिक पर खर्च नहीं देने का आरोप
इलाज का भारी खर्च सुनने के बाद साथी श्रमिकों और परिजनों ने कच्चा काबड़ी फाटक स्थित सीएसआर कंपनी के मालिक से संपर्क किया। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए आर्थिक मदद की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक ने मजदूर के इलाज का खर्च उठाने से इन्कार कर दिया। उनका कहना है कि समय पर बेहतर उपचार नहीं मिलने के कारण मजदूर की जान चली गई।
मामले में परिजनों के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि मजदूर का बीमारी के कारण लीवर फटा है वह पिछले 1 साल से बीमार चल रहे थे।
