पानीपत में 12 महीने से खुदे गड्ढे में गिरा बाइक सवार, JE सस्पेंड; एसडीओ-एक्सईएन चार्जशीट
पानीपत में एक साल से खुले गड्ढे में बाइक सवार के गिरने के बाद नगर निगम कमिश्नर ने सख्त कार्रवाई की है।

12 महीने से खुदे गड्ढे में गिरा बाइक सवार जेई निलंबित (फाइल)
HighLights
पानीपत में खुले गड्ढे में बाइक सवार गिरा
जेई निलंबित, एसडीओ-एक्सईएन पर चार्जशीट की कार्रवाई
निर्माण एजेंसी पर 10 लाख का जुर्माना, ब्लैकलिस्टिंग
जागरण संवादाता, पानीपत। नगर निगम के वार्ड-3 में देवी मंदिर से भावना चौक और बरसत रोड पर परशुराम कॉलोनी और विकास नगर क्षेत्र में एक साल लटका काम नासुर बन गया है। कमिश्नर के आदेश पर मौके पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए।
इसलिए शुक्रवार को एक बाइक सवार गड्ढे में गिर गया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर डॉ. पंकज राव ने लापरवाही पर जेई को निलंबित व एसडीओ और एक्सईएन को चार्जशीट कर दिया।
साथ ही निर्माण एजेंसी पर 10 लाख रुपये जुर्माना और ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की गई। इससे पहले भी एक महिला की गड्ढे में गिरने की वीडियो वायरल हुई थी। बरसत रोड पर हुई घटना को नगर निगम आयुक्त पंकज राव ने गंभीरता से लिया है।
घटना में दो व्यक्तियों के गिरने की सूचना के बाद आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्य कर रही एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर संबंधित जेई को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि संबंधित एसडीओ और एक्सईएन के विरुद्ध चार्जशीट की कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाना ठेकेदार की जिम्मेदारी
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क और निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी की जिम्मेदारी केवल काम पूरा करना नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
कार्यस्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्ड, रिफ्लेक्टर सहित अन्य जरूरी सुरक्षा प्रबंध होने चाहिए। बरसत रोड की घटना में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
जनसुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
आयुक्त आयुक्त पंकज राव ने कहा कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सड़क और निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि बरसत रोड की घटना को गंभीर चेतावनी के रूप में लिया जा रहा है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अधिकारियों की नियमित निगरानी के साथ ठेकेदारों और कार्यदायी एजेंसियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
