पानीपत में दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप, पति समेत 6 पर केस
पानीपत में एक विवाहिता ने पति और ससुरालजनों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, बच्चे की मौत और देवरों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत छह ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पानीपत में दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप में पति समेत छह ससुरालजनों पर केस। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
विवाहिता ने दहेज में कार व सोने के आभूषण मांगने का आरोप लगाया।
मारपीट, भूखा रखने और बच्चे की मौत का गंभीर आरोप।
देवरों पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप।
जागरण संवाददाता, पानीपत। तहसील कैंप थाने में विवाहिता की शिकायत पर पति समेत छह ससुरालजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। शिकायत में विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में कार और सोने के आभूषण मांगने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार महिला की शादी 18 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश के युवक से हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालजन कार और परिवार के अलग-अलग सदस्यों के लिए सोने के आभूषण मांगने लगे।
मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे कमरे में बंद कर भूखा रखा गया। महिला ने गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल नहीं करने और अस्पताल नहीं ले जाने के कारण बच्चे की मौत होने का भी आरोप लगाया है।
इसके अलावा देवरों पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में स्त्रीधन अपने कब्जे में रखने और वापस नहीं करने की बात भी कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति और पांच अन्य ससुरालजनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।