अमित शाह के कार्यक्रम में पानीपत रोडवेज डिपो से भेजी 122 बसें, अब त्योहार पर यात्रियों को घर जाने में हो रही परेशानी
पानीपत में अमित शाह के कार्यक्रम के लिए 122 बसें भेजे जाने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। दीपावली ...और पढ़ें
HighLights
अमित शाह कार्यक्रम हेतु पानीपत से 122 बसें भेजी गईं।
दीपावली पर घर जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
यात्री मजबूरी में निजी बसों का सहारा लेने को विवश हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत। त्योहार पर घर जाने के लिए बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। करनाल में आयोजित अमित शाह के कार्यक्रम में पानीपत रोडवेज डिपो से 122 बसें भेजे जाने के कारण बस स्टैंड पर बसों की कमी हो गई है।
इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। बस स्टैंड पर यात्रियों को घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। समय पर बस नहीं मिलने के कारण यात्रियों को मजबूरी में निजी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है।
दीपावली के त्योहार के चलते इन दिनों बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या बढ़ी हुई है। नौकरीपेशा लोगों के साथ दूसरे शहरों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी घर जाने के लिए बसों का इंतजार कर रहे हैं।
ऐसे में रोडवेज बसों की संख्या कम होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों को बस स्टैंड पर एक घंटे या इससे अधिक समय तक खड़े रहना पड़ रहा है।
निजी बसों में सफर करने की मजबूरी
रोडवेज बसों के इंतजार में समय बर्बाद होने के कारण कई यात्री निजी बसों में सफर करने को मजबूर हैं। दिल्ली जा रहे यात्री सुदेश ने बताया कि त्योहार के समय बसों की अतिरिक्त व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे लोगों को घर पहुंचने में परेशानी न हो। वहीं, बसों की कमी के चलते बस स्टैंड पर भीड़ बढ़ रही है।